हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे, कलेक्टर के सख्त निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड पर विशेष जोर
बालोद ACGN:- 25 फरवरी 2026 को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सुगमता से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विकासखंडवार स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाकर आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएल उइके सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का कार्य सीधे जनसरोकारों से जुड़ा है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए संस्थागत प्रसव की स्थिति की समीक्षा की और जहां कमी पाई गई वहां संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। गर्भवती माताओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने, टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और पोषण पुनर्वास केंद्रों में कुपोषित बच्चों की अनिवार्य भर्ती सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना के तहत शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने, परिवार नियोजन, टीबी एवं मलेरिया उन्मूलन और तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आवश्यकतानुसार नए स्वास्थ्य केंद्रों के प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश दिए और कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित मिशन गोद अभियान में सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने दोहराया कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ कर प्रत्येक नागरिक को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































