मुख्यमंत्री साय का माटी से जुड़ाव,चाक पर गढ़ा दीया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जिला – रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में प्रदर्शनी के दौरान शिल्पकार से आत्मीय संवाद, परंपरागत कारीगरों को सशक्त बनाने का दिया संदेश
रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का एक बेहद आत्मीय और सहज रूप उस समय देखने को मिला जब उन्होंने कुम्हार के चाक पर स्वयं मिट्टी का दीया और कलश बनाकर पारंपरिक शिल्प के प्रति अपना सम्मान और जुड़ाव व्यक्त किया। मौका था सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक का, जिसमें शामिल होने वे कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर पहुंचे थे।
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक के साथ परिसर में स्व सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इसी प्रदर्शनी में सोनहत विकासखंड के शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति इलेक्ट्रिक चाक पर मिट्टी से दीया और कलश बनाने का सजीव प्रदर्शन कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री उनके स्टॉल पर पहुंचे और कुछ देर तक बड़ी रुचि से उनकी कला को देखते रहे।
कला के प्रति उत्सुकता बढ़ने पर मुख्यमंत्री ने स्वयं चाक पर हाथ आजमाने की इच्छा जताई। शिल्पकार की सहमति से उन्होंने घूमते हुए चाक पर रखी गीली मिट्टी को अपने हाथों से आकार देना शुरू किया और कुछ ही क्षणों में सुंदर दीया तैयार कर दिया। मुख्यमंत्री की सहज कुशलता देखकर शिल्पकार भी आश्चर्यचकित रह गए और वहां मौजूद लोगों ने तालियों की गूंज के साथ इस पल का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति से उनके व्यवसाय, आय और परिवार की जानकारी ली। उन्होंने उन्हें शासन की स्वरोजगार और कारीगर हितैषी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक शिल्प और ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है ताकि स्थानीय कला और हुनर को नई पहचान और बेहतर बाजार मिल सके।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रविकुमार कुर्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






