धान भुगतान सीजन में अलर्ट मोड पर पुलिस, “सजग कोरबा अभियान” के तहत कटघोरा में निकला जागरूकता रथ, उठाईगिरी व महिला अपराधों पर सख्त नजर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कोरबा, धान खरीदी के भुगतान सीजन को देखते हुए कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। “सजग कोरबा अभियान” के तहत कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी के नेतृत्व में जागरूकता रथ निकाला गया, जो थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, बैंक परिसरों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आम जनता को अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर रहा है।

जागरूकता रथ में लगाए गए बैनर, पोस्टर और माइक अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को विशेष रूप से उठाईगिरी, जेबतराशी और बैंक संबंधी ठगी से सावधान रहने का संदेश दिया जा रहा है। पोस्टरों में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि बैंक से पैसा निकालने अकेले न जाएं, 3 से 4 विश्वसनीय लोगों के साथ जाएं, लापरवाहीपूर्वक नकदी वाहन में न छोड़ें तथा अनजान व्यक्तियों की बातों में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल थाना कटघोरा या जिला पुलिस के संपर्क नंबर पर सूचना देने की अपील भी की जा रही है।

थाना प्रभारी श्री तिवारी ने बताया कि वर्तमान में धान खरीदी का भुगतान किसानों को बैंकों के माध्यम से किया जा रहा है। बड़ी संख्या में किसान बैंक पहुंच रहे हैं, जिससे नकद लेनदेन बढ़ गया है। ऐसे समय में उठाईगिरी और ठगी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे बैंक से राशि निकालने के बाद भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर न रुकें, अनजान व्यक्तियों से मदद लेने से बचें तथा अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें।

इसके साथ ही अभियान के माध्यम से महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है तथा साइबर अपराध, सोशल मीडिया दुरुपयोग और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय समझाए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि यह संपूर्ण अभियान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। सजग कोरबा अभियान के तहत थाना क्षेत्र में निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अपराध होने से पहले ही उन्हें रोका जा सके।

इसी कड़ी में 17 फरवरी 2026 को थाना क्षेत्र के सभी बैंकों के प्रबंधकों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक परिसरों एवं एटीएम केंद्रों में पर्याप्त और कार्यशील सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, सुरक्षा गार्डों की तैनाती मजबूत रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। बैंक प्रबंधन को ग्राहकों को सुरक्षित लेनदेन के लिए प्रेरित करने एवं भीड़ प्रबंधन की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह भी दी गई।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें, ओटीपी या एटीएम पिन किसी को न बताएं, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
“सजग कोरबा अभियान” के माध्यम से कटघोरा पुलिस का उद्देश्य स्पष्ट हैअपराध पर रोक, सुरक्षित बैंकिंग व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना। पुलिस की इस सक्रिय पहल से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत होता नजर आ रहा है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






