सड़क सुरक्षा पर रायगढ़ पुलिस का सख्त रुख, कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान तेज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़ – छत्तीसगढ़
By ACGN | 7647981711, 9303948009
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने रोजाना जांच, चालकों को भावनात्मक संदेश
रायगढ़, ACGN:- जिले में सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोकने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपना फोकस तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एक ओर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रतिदिन सघन जांच की जा रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार जागरूकता अभियानों के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ते ट्रैफिक और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरत रही है।
इसी क्रम में थाना कोतरारोड़ प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज द्वारा जिंदल वाहन पार्किंग परिसर में वाहन चालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने भावनात्मक अंदाज में कहा कि एक गलती केवल चालक को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को जीवनभर का दर्द दे जाती है।
वाहन चालकों से अपील की गई कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार से बचें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराते रहें। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए आगे आने का संदेश दिया गया। इस दौरान राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क हादसे में घायल को समय पर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा सम्मानित किया जाता है और 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
इस अवसर पर थाना कोतरारोड़ का पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा। रायगढ़ पुलिस का उद्देश्य केवल चालान कार्रवाई तक सीमित न रहकर नागरिकों में जिम्मेदार और सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करना है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क पर सतर्कता ही सुरक्षा है। यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल कानून तोड़ना है, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान को जोखिम में डालना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






