सामुदायिक पुलिसिंग को नई मजबूती, छाल थाना में प्रेरणादायी नागरिकों का सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़ – छत्तीसगढ़
By ACGN | 7647981711, 9303948009
सड़क दुर्घटना बचाव, शांति व्यवस्था और मेधावी छात्र को पुलिस ने दिया सार्वजनिक सम्मान
रायगढ़, ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज थाना छाल परिसर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहले चरण में ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने कोटवारों से गांव की गतिविधियों की जानकारी ली और हर घटना या दुर्घटना की तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य चरण में समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र और मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

समाज सेवा के लिए विशेष रूप से ग्राम तरेकेला निवासी नीरज सिदार और सादराम राठिया को सम्मानित किया गया। इन युवाओं ने बीती रात ग्राम तरेकेला के पास मुख्य मार्ग पर पेड़ से टकराकर घायल हुए कोरबा निवासी युवक को तुरंत छाल अस्पताल पहुंचाया और कोरबा रेफर किए जाने तक उसके साथ बने रहे। थाना प्रभारी ने इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उन्हें सम्मानित किया।
इसी क्रम में ग्राम रिलो निवासी लवकुश महंत और ग्राम पुसल्दा निवासी हरिशंकर चौहान को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। ये युवा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसमित्र की भूमिका निभाते हैं और लगातार पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। इसके अलावा हाई स्कूल कटाईपाली के होनहार छात्र गगन कुमार को उनके कक्षा दसवीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर सम्मानित किया गया, जबकि ग्राम पोड़ी के कोटवार छेदूदास को उनके कर्तव्यों में ईमानदारी और जिम्मेदारी के लिए पुरस्कृत किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे नागरिकों का सम्मान केवल उनके उत्साह को बढ़ाता है बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा देता है। पूरे कार्यक्रम में थाना छाल का स्टाफ उपस्थित रहा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि “शांति व्यवस्था स्थापित करने के लिए समाज के सजग और जिम्मेदार नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। जो लोग मानवता, शिक्षा, शांति और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं, वे वास्तव में समाज की असली ताकत हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे नागरिकों को हर स्तर पर सम्मानित और प्रोत्साहित करती रहेगी, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग की मजबूत कड़ी बनी रहे।”
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






