बालको जोन के वार्डों को 2 करोड़ 17 लाख की विकास सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा – छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने किया भूमिपूजन व लोकार्पण, सामुदायिक भवन सहित सड़क, नाली, पेयजल और आंगनबाड़ी कार्य शामिल
कोरबा ACGN :- नगर पालिक निगम कोरबा के बालको जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 47 और 39 के नागरिकों को 2 करोड़ 17 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। इन कार्यों में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण, सड़क और नाली निर्माण, पेयजल पाइपलाइन विस्तार तथा विभिन्न वार्डों में आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य शामिल हैं। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने इन कार्यों का विधिवत भूमिपूजन और लोकार्पण किया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 47 के शिवनगर बिरसामुंडा मोहल्ला में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण उद्योग मंत्री के मुख्य आतिथ्य और महापौर की अध्यक्षता में किया गया। इसके अलावा इसी वार्ड में 30 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली और सीसी रोड निर्माण, बालको जोन के विभिन्न स्थानों पर 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से 8 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, वार्ड क्रमांक 39 में 41 लाख 66 हजार रुपये तथा वार्ड क्रमांक 47 के पॉलिटेक्निक कॉलेज बस्ती में 16 लाख 48 हजार रुपये की लागत से ओपीवीसी पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वार्डवासियों और आम जनता की मांग व आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान शिवनगर बिरसामुंडा के नागरिकों द्वारा सामुदायिक भवन की मांग रखी गई थी, जिसे पूरा करते हुए आज यह भवन जनता को समर्पित किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जा रही है, जिसके कारण शहर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।

महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा की मिट्टी से जुड़े नेता हैं और शहर के विकास के लिए सदैव समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्डों और बस्तियों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है, उस भरोसे को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि रविवार 8 फरवरी को टीपी नगर जोन और कोरबा जोन के वार्ड क्रमांक 9 में पेयजल व्यवस्था से जुड़े लगभग 87 लाख 50 हजार रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन टीपी नगर स्थित टैगोर उद्यान में किया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, शिव फाउंडेशन के पदाधिकारियों, निगम अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






