चौड़ी सड़क, जंगल का सन्नाटा और अचानक मिट्टी का ढेर बना काल, खाई में गिरी तेज रफ्तार कार, कांग्रेस नेता समेत दो की मौके पर मौत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
भारत माला सड़क बनी मौत का रास्ता
कोरबा। कोरबा–चांपा मार्ग पर निर्माणाधीन भारतमाला सड़क एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। चौड़ी, सीधी और वन क्षेत्र से गुजरने वाली इस सड़क पर वाहन चालक स्वाभाविक रूप से तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, लेकिन अधूरे निर्माण और अचानक सामने आ जाने वाले मिट्टी के ढेर इस रफ्तार को मौत में बदल रहे हैं। गुरुवार देर रात उरगा थाना क्षेत्र में हुए भीषण हादसे ने इसी लापरवाही की भयावह तस्वीर सामने रख दी, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कांग्रेस नेता राहुल रॉय और विराट अग्रवाल (ढालू) दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपने साथियों के साथ कार से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। कार में उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक सवार थे। रात लगभग साढ़े नौ बजे वाहन उरगा क्षेत्र में पहुंचा।


बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में चल रही कार के सामने अचानक सड़क पर मिट्टी का बड़ा ढेर आ गया। जानकारी के अनुसार न तो वहां कोई चेतावनी संकेतक लगा था, न ही बैरिकेडिंग या रिफ्लेक्टर। चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मिट्टी के ढेर से टकराने के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरा। खाई में गिरते ही कार तीन बार पलटी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस भीषण हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। वहीं भोला साहू और राहुल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पीछे से आ रहे परिचितों ने तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

बता दें कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार नहीं, बल्कि निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी, बिना चेतावनी मिट्टी का ढेर और अधूरी सड़क संरचना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला सड़क पर जगह-जगह मिट्टी के ढेर, अचानक खत्म हो जाने वाली लेन और बिना किसी संकेतक के खुले गड्ढे मौजूद हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार भारतमाला सड़क काफी चौड़ी और निर्माणाधीन होने के कारण खाली रहती है। आमतौर पर इसी मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का चालन भी किया जाता है, लेकिन रात के समय निर्माणाधीन सड़क पर अचानक सामने आ जाने वाले मिट्टी के ढेर और अधूरी लेन किसी भी वाहन चालक के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।
बता दे दिन में तो किसी तरह वाहन चालक संभल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह सड़क मौत को न्योता देने जैसी बन जाती है। इसके बावजूद न तो निर्माण एजेंसी और न ही संबंधित विभाग कोई ठोस कदम उठा रहे हैं।
बिलासपुर सीपत की ओर से आने वाले इस मार्ग में लोगों को उरगा से उतरकर कोरबा की ओर जाना पड़ता है परंतु रात के अंधेरे में मार्ग में किसी भी प्रकार का संकेतक का दिखाई ना पड पाने के कारण वह सीधे निकल गए चूंकि सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ था, और मार्ग में अचानक मिट्टी का ढेर आ गया जिसकी वजह से यह घटना घटित हुई यदि दूर कुछ संकेतक होता तो शायद घटना होने से बचा जा सकता था
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






