केंद्रीय बजट 2026 किसान-युवा-मजदूर विरोधी : जयसिंह अग्रवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कांग्रेस नेता ने बजट को जनविरोधी बताते हुए कहा, आम जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा बजट
कोरबा ACGN :- कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने केंद्रीय सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को किसान, युवा और मजदूर विरोधी बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह से जनविरोधी और दिशाहीन है, जिसमें किसानों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं, छात्रों और आम जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं की अनदेखी की गई है।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश का किसान बढ़ती लागत, कर्ज और फसल के उचित मूल्य के संकट से जूझ रहा है, लेकिन बजट में न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी, कर्ज राहत या पीएम किसान सम्मान निधि में किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी का कोई प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों में निराशा और असंतोष बढ़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि देश का युवा वर्ग बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, लेकिन बजट में स्थायी रोजगार, सरकारी भर्तियों और रोजगार सृजन को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं दिखता। बजट में युवाओं के लिए केवल घोषणाएं और नारे हैं, ठोस अवसर नहीं।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मजदूर और श्रमिक वर्ग के लिए न तो न्यूनतम मजदूरी की कोई गारंटी दी गई है और न ही सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार किया गया है। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को इस बजट में पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इन बुनियादी क्षेत्रों में बजट आवंटन बेहद निराशाजनक है। सरकारी स्कूल, विश्वविद्यालय, अस्पताल और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं आज भी संसाधनों की कमी से जूझ रही हैं, लेकिन केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में ये क्षेत्र पीछे नजर आते हैं।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यह बजट महंगाई से राहत देने, मध्यम वर्ग को कर राहत पहुंचाने और आम आदमी की क्रय शक्ति बढ़ाने में भी विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट जनकल्याण का नहीं, बल्कि चुनिंदा पूंजीपति वर्ग के हितों का दस्तावेज है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस किसान-विरोधी, युवा-विरोधी और मजदूर-विरोधी बजट का लोकतांत्रिक तरीके से हर स्तर पर विरोध करती रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






