केंद्रीय बजट 2026-27: विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर छत्तीसगढ़
By ACGN 7647 9817119303 948009
रायपुर, 01 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत के उज्ज्वल, सशक्त और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण की भावना को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इस बजट में आर्थिक विकास एवं रोजगार वृद्धि, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र को ठोस रूप में साकार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बजट का सीधा और व्यापक लाभ छत्तीसगढ़ जैसे कृषि एवं श्रमप्रधान राज्यों को मिलेगा और राज्य के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बजट में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए दूरगामी और प्रभावी प्रावधान किए गए हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार को कृषि से जोड़ा गया है, जिससे उत्पादकता बढ़ेगी और लागत घटेगी। पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देकर गांवों में ही रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के माध्यम से स्थानीय उद्योगों, कुटीर उद्योगों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है।
युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, पर्यटन और सेवा क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि विदेश यात्रा और विदेशों में उच्च शिक्षा की लागत में कमी आने से मध्यम वर्ग और युवाओं को भी सीधा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान देश के स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती देगा। इससे कैंसर, डायबिटीज सहित गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन, प्रत्येक जिले में इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आयुष एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा। मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच रीजनल हब की स्थापना से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
महिला सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक क्रांतिकारी कदम है। इसके साथ ही हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बजट में बड़े और दूरदर्शी फैसले लिए गए हैं। हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए जलमार्गों का विस्तार, टेक्सटाइल पार्क और खनिज कॉरिडोर से देश की अधोसंरचना मजबूत होगी। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाएगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगा। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में किए गए सुधारों से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिलेगा।
कर सुधारों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आयकर प्रक्रिया को सरल बनाकर छोटे करदाताओं को बड़ी राहत दी गई है। दवाइयों, कपड़ों, जूतों, मोबाइल फोन, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस और सीएनजी जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के सस्ते होने से आम जनता की जीवन-यापन लागत कम होगी और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और अधिक मजबूत करता है। यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी, संतुलित और सतत विकास की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस ऐतिहासिक, जनकल्याणकारी और विकासोन्मुख बजट के लिए हार्दिक धन्यवाद और बधाई दी।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






