कोरबा में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ, विकास के नए लक्ष्यों की दिशा में उठाया पहला कदम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया जिला स्तरीय अभियान 2.0 का उद्घाटन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सहयोग की अपील
कोरबा ACGN :-कोरबा में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग, आबकारी, सार्वजनिक उपक्रम एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पिछले वर्ष संपूर्णता अभियान 1.0 के तहत योजनाबद्ध तरीके से महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की गईं और अब 2.0 के माध्यम से जिले को विकास और प्रगति के पथ पर आगे ले जाना प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से समन्वय और सक्रिय सहभागिता की अपील की ताकि निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके और योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सही रूप से पहुंचे।

मंत्री देवांगन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देशन में और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कोरबा जिले को आकांक्षी जिला श्रेणी से बाहर निकालने के लिए संपूर्णता अभियान 2.0 लागू किया गया है। उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों में डीएमएफ के माध्यम से चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और कृषि क्षेत्र में लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 में जिन संकेतकों पर उपलब्धि हासिल होगी, उन पर सम्मानित किए जाने का प्रावधान है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अभियान के राष्ट्रीय महत्व और आकांक्षी जिले के सभी मानकों की समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि आगामी तीन माह तक फील्ड में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पार्षद नरेंद्र देवांगन और जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग ने अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों और स्व-सहायता समूहों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

अभियान के प्रमुख उद्देश्य हैं विभागों और योजनाओं के बीच समन्वय को मजबूत करना, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नेतृत्व के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाना, नवाचार और सीख को प्रोत्साहित करना। स्वास्थ्य और पोषण क्षेत्र में शिशुओं के वजन सुधार, टीबी केस नोटिफिकेशन की दर में वृद्धि और ग्राम/शहरी स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के आयोजन का प्रतिशत बढ़ाना, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में बालिका शौचालयों वाले विद्यालयों और टीकाकृत पशुओं के अनुपात में सुधार प्रमुख संकेतक हैं।


कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अभियान की सफलता हेतु शपथ दिलाई। उन्होंने ग्राम दोंदरो, जामबहार और सोनपूरी के स्व-सहायता समूहों को चेक वितरित किए और कोलगा के उतरा सिंह, पंचराम, श्री शांति और दुकालुराम को स्वायल हेल्थ कार्ड प्रदान किया। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टाल का भी मंत्री ने अवलोकन किया।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






