दादर डोंगरी की वादियों में बल्ले की गूंज, चौकों-छक्कों पर झूमे दर्शक! रंजना को हराकर चाकाबुड़ा ने उठाई विजेता ट्रॉफी, 31 हजार का मिला इनाम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
विशेष रिपोर्ट :- दीपक पटेल
बसंतपुर क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का पांच दिवसीय आयोजन संपन्न, 16 टीमों ने दिखाया दमखम; फाइनल में चाकाबुड़ा ने 4 विकेट से दर्ज की जीत, दर्शकों के लिए छक्कों पर कैच पकड़ने की अनूठी पुरस्कार योजना भी बनी आकर्षण।
कोरबा ACGN:- प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण दादर डोंगरी पहाड़ की मनोरम वादियों के नीचे जब क्रिकेट का रोमांच परवान चढ़ा तो पूरा मैदान तालियों, चौकों-छक्कों और खिलाड़ियों के उत्साह से गूंज उठा। कहीं बल्लेबाजों के बल्ले से रनों की बरसात हुई तो कहीं गेंदबाजों ने विकेट चटकाकर मुकाबले का रुख बदल दिया। इसी खेल उत्साह और आपसी भाईचारे के बीच बसंतपुर क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का सोमवार, 23 नवंबर को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में चाकाबुड़ा की टीम ने रंजना को शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
18 नवंबर से शुरू हुई इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में पंचायत स्तर की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। निर्धारित फिक्सचर के अनुसार कुल 15 मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में प्रवेश शुल्क 3,200 रुपये रखा गया था। शुरुआत से ही मैदान में क्रिकेट प्रेमियों की अच्छी-खासी भीड़ जुटती रही। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। आयोजन के दौरान अवध राम का मंचूरियन स्टॉल, जय नंदन खरवार का भेल स्टॉल और राजू चौहान का पकौड़ा-बड़ा भजिया स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
फाइनल में रंजना की पारी 60 रन पर सिमटी, चाकाबुड़ा ने 9.2 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला रंजना और चाकाबुड़ा की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर रंजना ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन चाकाबुड़ा के गेंदबाजों के सामने उसकी पारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। रंजना की पूरी टीम 11.3 ओवर में 60 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सुभाष ने सर्वाधिक 15 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाकाबुड़ा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और महज 9.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 66 रन बना लिए। इस तरह चाकाबुड़ा ने फाइनल मुकाबला 4 विकेट से जीतकर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल तक पहुंचने का दोनों टीमों का सफर भी शानदार रहा। रंजना ने सेमीफाइनल में कसाईपाली को 63 रनों के बड़े अंतर से हराया था, वहीं चाकाबुड़ा ने कड़े मुकाबले में बिंझरा को 8 रन से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी।
छक्के पर कैच पकड़ो और पाओ इनाम, दर्शकों के लिए भी बना रोमांच
इस प्रतियोगिता की सबसे अनूठी और मनोरंजक पहल दर्शकों के लिए रखी गई विशेष पुरस्कार योजना रही। नियम के अनुसार मैदान के बाहर छक्के की गेंद पर कैच पकड़ने वाले दर्शक को जय नंदन खैरवार भेल केंद्र की ओर से एक प्लेट झालमुड़ी और आयोजन समिति की ओर से 100 रुपये नगद पुरस्कार दिया जाता था। इस पहल ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 11 दर्शकों को इस योजना के तहत पुरस्कृत किया गया।
विजेता को 31 हजार, उपविजेता को 15 हजार रुपये और आकर्षक ट्रॉफी
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता चाकाबुड़ा क्रिकेट टीम को 31 हजार रुपये नगद और आकर्षक शील्ड प्रदान की गई। वहीं उपविजेता रंजना क्रिकेट टीम को 15 हजार रुपये नगद एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को अतिथियों के हाथों व्यक्तिगत मेडल भी प्रदान किए गए।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में चाकाबुड़ा के सत्या को फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 3 ओवर में मात्र 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। यह पुरस्कार रोजगार सहायक आनंद जात्रा के हाथों प्रदान किया गया।
पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले चाकाबुड़ा के शिवा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। उन्होंने प्रतियोगिता में 102 रन बनाने के साथ 4 विकेट भी हासिल किए। वहीं जयलाल यादव और किशन कश्यप को बेस्ट अंपायर के रूप में सम्मानित किया गया। सत्यम, गुड्डा, बब्बू, किशन कंवर, अमीर, बुंदराम सहित अन्य दर्शकों को बेस्ट दर्शक सहयोगी के रूप में सम्मान मिला।
तिलक लगाकर हुआ खिलाड़ियों का स्वागत, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ पारंपरिक स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुषमा रवि रजक, अर्जुन सिंह कंवर, जनपद सदस्य संगीता सुरेश कंवर, डॉ. समय लाल, ललित सर, जमुना मैडम, परमेश्वर ठाकुर, कौशिल्या कंवर, कृष्णा कंवर, अजय सिंह, रामेश्वर कंवर, घसिया राम यादव, फूलसिंह कंवर, चंद्रपाल सिंह कंवर, डी.के. सरजाल, राजेश सरजाल, रजनीश कुमार, बैतलदास मानिकपुरी सहित ग्राम के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों एवं ग्राम के वरिष्ठजनों ने खिलाड़ियों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया तथा परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने खेल को भाईचारे, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का माध्यम बताते हुए युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़े रहने का संदेश दिया।

कबड्डी की परंपरा के बीच क्रिकेट ने भी बनाई अपनी अलग पहचान
बसंतपुर गांव में पहले मुख्य रूप से कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहा है, लेकिन क्रिकेट प्रतियोगिता ने भी अब क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। यह आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास के गांवों के युवाओं, ग्रामीणों, महिलाओं और खेल प्रेमियों को एक मंच पर जोड़ने का माध्यम बना। प्रतियोगिता का यह पांचवां आयोजन था, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में पंचगण, अंपायरों, कमेंट्री टीम और आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। अपनी दमदार कमेंट्री से दर्शकों को पूरे समय बांधे रखने वाले दीपक पटेल की भूमिका भी सराहनीय रही। पूरे आयोजन के दौरान पानी टैंकर की व्यवस्था सुरेश कंवर ने संभाली, जबकि स्वल्पाहार की व्यवस्था में अजय सरजाल का विशेष सहयोग रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
अंत में आयोजन समिति ने अतिथियों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। दादर डोंगरी की प्राकृतिक वादियों में आयोजित यह प्रतियोगिता जीत-हार से आगे बढ़कर ग्रामीण एकता, खेल भावना और आपसी भाईचारे की यादगार मिसाल बन गई। चाकाबुड़ा की जीत के साथ मैदान में भले ही प्रतियोगिता का समापन हो गया, लेकिन खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच इस आयोजन की यादें लंबे समय तक बनी रहेंगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरें, जनसमस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे हम तक पहुंचाएं। संपर्क करें : 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































