नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव का महाकुंभ – भव्य मंच के पीछे उठे कई अनसुलझे सवाल! – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव का महाकुंभ – भव्य मंच के पीछे उठे कई अनसुलझे सवाल!

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायगढ़, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009

जनजातीय गौरव का महाकुंभ, धरमजयगढ़ में उमड़ा जनसैलाब!मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित दिग्गज नेताओं की मौजूदगी, नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन; भव्य आयोजन के बीच व्यवस्थाओं और आदिवासी अधिकारों पर भी उठे सवाल।

रायगढ़, धर्मजयगढ़ ACGN:- जनजातीय संस्कृति की रंग-बिरंगी छटा, पारंपरिक वेशभूषा में सजे जनसमुदाय, ढोल-मांदर की गूंज, लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां और भगवान बिरसा मुंडा के जयघोष से रविवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ का ऐतिहासिक दशहरा मैदान गौरव, उत्साह और जनजातीय अस्मिता के रंग में सराबोर नजर आया। अवसर था धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने पहुंचे। समारोह में जहां जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद किया गया, वहीं सरकार की विकास योजनाओं, बस्तर में बदलते हालात और किसानों के हित में लिए गए फैसलों का भी प्रमुखता से उल्लेख हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश प्रभारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्मृति ईरानी, प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के अनेक मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओ.पी. चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल, राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब, राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं सांसद रूप कुमारी चौधरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राधेश्याम राठिया, चिंतामणि महाराज, देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा और भोजराज नाग सहित अनेक सांसद, विधायक, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी सहित जनजातीय समाज की प्रमुख विभूतियों की उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।

भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन में जनजातीय लोककला, पारंपरिक नृत्य, वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली।


समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजातीय गौरव दिवस पर दिए गए वर्चुअल संबोधन का भी श्रवण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।


राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी शामिल होना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम और कम दृश्यता के कारण उनका विमान रायगढ़ स्थित जिंदल एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका। इसके चलते वे समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाए और उन्होंने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
नितिन नवीन ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की पावन धरती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। कभी बंदूकों की आवाज से प्रभावित रहने वाले क्षेत्रों में आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। युवा शिक्षा, खेल और कौशल विकास के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं।


नवीन ने बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं में सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर की नई पहचान अब हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल, संस्कृति और विकास होनी चाहिए।
उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

जनजातीय समाज का सम्मान और समृद्धि सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना राज्य सरकार का संकल्प है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय जननायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। उनका जीवन अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और जनजातीय अस्मिता की रक्षा की प्रेरणादायक गाथा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने भी अनेक महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी दिए हैं। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल और भुखमरी से पीड़ित गरीबों के लिए अन्यायपूर्ण व्यवस्था को चुनौती दी और मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इसी प्रकार वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जननायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का उल्लेख करते हुए लोगों से वहां जाकर महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को जानने का आग्रह किया।

6,691 गांवों तक विकास पहुंचाने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए पीएम-जनमन योजना के माध्यम से भी कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राज्यांश की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया था। वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में लगभग 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।
तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में संग्रहण पारिश्रमिक की दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने, चरण पादुका योजना पुनः प्रारंभ करने और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा एवं देवगुड़ी विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक पहचान को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बस्तर में शांति, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के कई क्षेत्र चार से पांच दशकों तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे हैं। अब केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों तथा सुरक्षाबलों के साहस से वहां शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है।
उन्होंने नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक शासकीय योजनाओं को पहुंचाने की बात कही। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित करने, युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार से जोड़ने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने की जानकारी दी।


मुख्यमंत्री ने बताया कि मनेंद्रगढ़ और गीदम में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जगरगुंडा और ओरछा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित करने की पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। दूरस्थ गांवों तक आवागमन की सुविधा पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा भी प्रारंभ की गई है।

किसानों के लिए बड़ी घोषणा, कम धान बेचने पर भी पूरी सहायता

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पूरी पात्र आदान सहायता राशि मिलेगी। इसके तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। इस निर्णय से विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।
उन्होंने कहा कि नए केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी केंद्रों में भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

पद्मश्री विभूतियों का सम्मान, जनजातीय नृत्य दलों को पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर सम्मानित किया।
जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को भी पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर जनजातीय कला, पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय गतिविधियों की जानकारी ली।


इसके साथ ही मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित की गई। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।
इस प्रकार धरमजयगढ़ का दशहरा मैदान जनजातीय इतिहास, संस्कृति, सरकारी योजनाओं और विकास के संदेश का बड़ा केंद्र बना। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।



विशेष बॉक्स



भव्य आयोजन के बीच उठे सवाल,सोशल मीडिया विपक्ष ने सरकार को घेरा

समारोह की भव्यता और सरकारी उपलब्धियों के बीच कुछ ऐसे घटनाक्रम भी सामने आए, जिनकी चर्चा राजनीतिक और सामाजिक हलकों में होती रही। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विमान की लैंडिंग नहीं हो पाने को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि आसमान साफ होने और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हेलीकॉप्टर रायगढ़ पहुंचने के बावजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष का विमान क्यों नहीं उतर पाया? विपक्ष ने आधिकारिक तौर पर बताए गए कम दृश्यता के कारण पर सवाल उठाते हुए इसे क्षेत्र में आदिवासी समाज की नाराजगी से जोड़कर राजनीतिक आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है। विपक्ष ने तमनार में हिंसा और पेड़ों की कटाई, गारे पेलमा क्षेत्र में जंगलों की कटाई एवं जमीन अधिग्रहण तथा पुरूंगा कोल माइंस की जनसुनवाई को लेकर उठ रहे विरोध का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन से जुड़े सवालों का जवाब सरकार को देना चाहिए।


इसी बीच पहाड़ी कोरवा समुदाय के कुछ लोगों को पारंपरिक तीर-धनुष के कारण कार्यक्रम स्थल के भीतर प्रवेश नहीं दिए जाने का मामला भी चर्चा में आया। आरोप है कि सुरक्षा कारणों का हवाला देकर उन्हें रोका गया। यदि ऐसा हुआ है तो यह आयोजन की प्रवेश व्यवस्था और जनजातीय परंपराओं के प्रति संवेदनशीलता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन पारंपरिक पहचान के प्रतीकों के सम्मान के साथ प्रवेश की वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा सकती थी। इस संबंध में प्रशासन का पक्ष सामने आना भी जरूरी है।


सूत्रों के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, जशपुर और कोरबा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे कुछ लोगों में बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी की बात भी सामने आई। बाहर से आए कुछ लोगों ने यह भी बताया कि हमें पिकनिक के बहाने यहां लाया गया है, इतनी बड़ी संख्या में लोगों को आमंत्रित करने के बाद उनके लिए पर्याप्त और व्यवस्थित सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी थी।


विधायक लालजीत सिंह राठिया ने उठाया कोयला खदानों का मुद्दा

धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र में लगातार नई कोयला खदानें खोलने की तैयारियों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे आदिवासियों के अस्तित्व, पर्यावरण, जंगल और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या धरमजयगढ़ क्षेत्र में नई कोयला खदानें खोलने पर रोक लगाई जाएगी? क्या आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा?
विधायक राठिया के अनुसार भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके विचारों और आदिवासी समाज के अधिकारों का सम्मान धरातल पर दिखाई देगा।


जनजातीय गौरव दिवस का संदेश केवल समारोह तक सीमित न रहे। जनजातीय समाज को सम्मान देने के साथ उसकी परंपराओं, जमीन, जंगल, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है। धरमजयगढ़ में आयोजित यह समारोह जहां जनजातीय गौरव और विकास का बड़ा मंच बना, वहीं इससे जुड़े व्यवस्थागत और स्थानीय मुद्दों पर प्रशासन एवं सरकार की स्पष्ट प्रतिक्रिया भी अपेक्षित है।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरों, जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को हम तक पहुंचाएं। आपकी आवाज को जिम्मेदारी के साथ सामने लाना ही हमारी पत्रकारिता का उद्देश्य है।
संपर्क : 7647981711, 930394800

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now