AI से बनाया कलेक्टर का फर्जी आदेश! जप्त बाइक छुड़ाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय दुर्ग
सरकारी आदेश की नकल कर आबकारी कार्यालय में दिखाई धौंस, मोबाइल और कूटरचित दस्तावेज जब्त
दुर्ग ACGN:- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल जहाँ तकनीक और सुविधाओं के नए रास्ते खोल रहा है, वहीं इसका दुरुपयोग कर फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने का मामला भी सामने आया है। दुर्ग जिले में दो लोगों ने AI की मदद से कलेक्टर के नाम से कथित फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर लिया और उसी के सहारे आबकारी विभाग में जप्त मोटरसाइकिल छुड़ाने पहुँच गए। लेकिन दस्तावेजों के सत्यापन में उनकी कथित चालाकी सामने आ गई। भिलाई भट्ठी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-01 भिलाई पहुँचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के एक आबकारी प्रकरण में जप्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 15687 (होंडा HF डिलक्स) को सुपुर्दनामा पर प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया।

आबकारी कार्यालय में जब प्रस्तुत आदेश का परीक्षण और सत्यापन कराया गया, तब दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। इसके बाद प्रार्थी भोजराम रत्नाकर की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने AI की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार करने और उसे आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
AI का इस्तेमाल, लेकिन सरकारी दस्तावेज की नकल भारी पड़ी!
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आबकारी प्रकरण में जप्त अपनी मोटरसाइकिल वापस पाने के उद्देश्य से AI की मदद ली और कलेक्टर के नाम से कथित सरकारी आदेश तैयार किया। इसके बाद उसे असली शासकीय आदेश के रूप में प्रस्तुत कर मोटरसाइकिल सुपुर्दनामा पर लेने का प्रयास किया गया। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग तथा युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग शामिल हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे, सहायक उप निरीक्षक पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू तथा आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव और आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय आदेश, प्रमाण-पत्र अथवा आधिकारिक दस्तावेज की सत्यता संबंधित विभाग से अवश्य जांचें। AI या डिजिटल माध्यमों से फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करना और उनका उपयोग करना दंडनीय अपराध है। ऐसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
जनहित की खबर, जनसमस्या या क्षेत्र की महत्वपूर्ण जानकारी हम तक पहुँचाएँ। संपर्क: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































