7 साल की मासूम की हत्या से कोरबा में आक्रोश, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; कोर्ट परिसर में भी भड़का गुस्सा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा में 7 वर्षीय बच्ची की हत्या का खुलासा
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
रजगामार से लापता बच्ची का जंगल में मिला शव; सीसीटीवी, लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस, बांगो के जंगल से गिरफ्तारी।
कोरबा ACGN:- रजगामार क्षेत्र से 19 अक्टूबर को लापता हुई 7 वर्षीय मासूम भव्या जोशी की हत्या के मामले का कोरबा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य संदेही अजय उर्फ अमित चौहान, पिता बाबूलाल, उम्र 42 वर्ष को बांगो थाना क्षेत्र के सुदूर जंगल से गिरफ्तार किया है। शव बरामद होने के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर 2026 को रजगामार क्षेत्र से बच्ची के लापता होने की सूचना पर तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। लगातार सर्चिंग के दौरान 22 अक्टूबर को रजगामार पुरानी बस्ती के पीछे पुराने ईंट-भट्ठे के समीप जंगल क्षेत्र से बच्ची का शव बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद मामले में हत्या से संबंधित BNS की धारा 103(1), 66 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 जोड़ी गई।
पैसे दिलाने का झांसा देकर बच्ची को ले जाने का आरोप
जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस जांच के आधार पर बताया कि आरोपी की एक पत्नी रजगामार क्षेत्र में रहती है और वह अक्सर वहां आता-जाता था।
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन बच्ची सामान लेने के लिए किराना दुकान की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहा था। बच्ची का पैसा रास्ते में कहीं गिर गया था। आरोप है कि आरोपी ने उसे उसका पैसा दिलाने की बात कही और बच्ची को अपने साथ ले गया। कुछ दूर ले जाने के बाद उसके साथ वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
बच्ची का शव क्षेत्र के श्मशान घाट के समीप मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में बच्ची की हत्या की पुष्टि हुई है। उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
बच्ची की तलाश के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आए लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही अमित चौहान की पहचान की और उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपी को बांगो थाना क्षेत्र के सुदूर जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
मासूम बच्ची की हत्या की जानकारी सामने आने के बाद रजगामार से लेकर कोरबा शहर तक लोगों में भारी आक्रोश है। आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपी को सामने लाने की मांग करने लगे।
पुलिस ने स्थिति को देखते हुए आरोपी को लोगों के सामने नहीं लाया। ग्रामीणों के आक्रोश के बीच पुलिस आरोपी को सुरक्षित रूप से मुख्यालय लेकर पहुंची।
घटना से नाराज विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कठोर सजा की मांग की है। छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कड़ी सजा की मांग की। आम आदमी पार्टी द्वारा सुभाष चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी सामने आई है। वहीं रजगामार में कांग्रेस की ओर से कैंडल मार्च निकाले जाने की जानकारी मो. आवेश कुरैशी ने दी है।
न्यायालय परिसर में आरोपी के साथ मारपीट
पुलिस की वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को 23 अक्टूबर को विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद जब आरोपी को कक्ष से बाहर लाया जा रहा था, तभी कुछ अधिवक्ताओं ने उसके साथ मारपीट कर दी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार कुछ अधिवक्ताओं ने आरोपी को पकड़कर लात-मुक्कों से पीटा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपी को भीड़ से निकालने का प्रयास किया और बाद में उसे सुरक्षित रूप से पुलिस वाहन में बैठाकर जिला जेल ले जाया गया। घटना के दौरान न्यायालय परिसर में काफी गहमागहमी रही।
अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान, सत्यव्रत उपाध्याय सहित अन्य अधिवक्ताओं ने जिला अधिवक्ता संघ से आरोपी का केस कोई अधिवक्ता नहीं लड़ने का आग्रह किया है। संघ के सचिव नूतन सिंह ठाकुर ने भी कहा कि संघ की ओर से ऐसा निर्णय लेने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए उनका पक्ष रखने की बात भी कही।

आरोपी की दो शादियां होने की जानकारी
पुलिस जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ अमित चौहान की दो पत्नियां हैं। वह सेक्टर-5 बालको नगर का निवासी बताया गया है, जहां उसकी पहली पत्नी रहती है। वहीं रजगामार चौकी क्षेत्र के रावणभाठा मोहल्ले में उसकी दूसरी पत्नी के रहने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दूसरी पत्नी से मिलने अक्सर रजगामार आता-जाता था और घटना वाले दिन भी वह क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान बच्ची उसके संपर्क में आई और पुलिस के अनुसार उसने बच्ची को पैसे दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले लिया।
पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा
कोरबा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों को जांच का आधार बनाकर तेजी से कार्रवाई की। शव मिलने के बाद करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को बांगो के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में BNS की धारा 103(1), 66 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। पत्रकारिता में रुचि रखने वाले इच्छुक युवक-युवतियां संपर्क करें और पत्रकारिता में अपना करियर बनाएं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































