दिल्ली में दिखेगा छत्तीसगढ़ का रंग, व्यापार मेले में विरासत का बड़ा दांव
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भारत मंडपम में सजेगा छत्तीसगढ़ का पवेलियन
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक लगेगा 45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर, हस्तशिल्प से मिलेट और हर्बल उत्पादों तक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखेगी छत्तीसगढ़ की पहचान।
रायपुर ACGN:- नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में इस बार छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति, स्थानीय उत्पाद और औद्योगिक विकास की झलक देखने को मिलेगी। व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का भव्य पवेलियन तैयार किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के हस्तशिल्प, हथकरघा, हर्बल उत्पाद, मिलेट, वनोपज और लोक संस्कृति को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
मेले की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पवेलियन के निर्माण, सुरक्षा, ब्रांडिंग और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस वर्ष व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है, जिसमें आधुनिक विकास के साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि यह मेला छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्पियों, स्व-सहायता समूहों और उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को देश और दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। पवेलियन में प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान और यहां के कारीगरों की कला को व्यापक बाजार मिल सके।
कृषि एवं किसान कल्याण तथा उद्यानिकी विभाग को प्रदेश के प्रमुख मिलेट उत्पादों कोदो, कुटकी और रागी सहित अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों का प्रभावी प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को लघु वनोपज संघ के माध्यम से छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है।

व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं को भी प्रमुखता से सामने रखा जाएगा। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, जो पवेलियन का नोडल विभाग है, को ‘नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-2030’ और राज्य की विभिन्न निवेश योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके माध्यम से निवेशकों को प्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं और निवेश के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
पर्यटन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। वहीं संस्कृति विभाग प्रदेश की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगा। राज्य की विविध लोक परंपराओं और कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले में आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।
ग्रामोद्योग विभाग के अंतर्गत हथकरघा बुनकर सहकारी संघ और ‘शबरी’ के माध्यम से हस्तशिल्प उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से उत्पादों की प्रदर्शनी, बिक्री और हस्तशिल्पियों द्वारा प्रत्यक्ष प्रदर्शन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली गई।
मेले के दौरान छत्तीसगढ़ पवेलियन में ‘राज्य दिवस’ का आयोजन भी किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि राज्य दिवस सहित पूरे मेले के दौरान छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और औद्योगिक विकास को प्रभावी और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाए।
इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन 14 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक होगा। 14 नवंबर से 18 नवंबर तक का समय विशेष रूप से व्यापारिक और व्यावसायिक आगंतुकों के लिए निर्धारित रहेगा, जबकि आम जनता के लिए मेला 27 नवंबर तक खुला रहेगा।
समीक्षा बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अरुण पाण्डेय, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, वित्त एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक जनसंपर्क श्री आशीष टिकरिया, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार सहित वाणिज्य एवं उद्योग तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। पत्रकारिता में रुचि रखने वाले इच्छुक युवक-युवतियां संपर्क करें और पत्रकारिता में अपना करियर बनाएं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































