दो लाख दीपों से जगमगाया जीपीएम, सेवा संकल्प की रोशनी में डूबा जिला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
पेंड्रा के मल्टीपर्पस स्कूल मैदान में 11 हजार दीपों से सजा भव्य नजारा, विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ACGN:- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा, समर्पण और संघर्ष के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दो लाख दीप प्रज्वलित किए गए। जिला स्तरीय आयोजन पेंड्रा के मल्टीपर्पस स्कूल मैदान में हुआ, जहां 11 हजार दीपों के सामूहिक प्रज्वलन से पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा।

दीप प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद व्यक्त किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

गांव-गांव और योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों तक पहुंचा दीपोत्सव
‘आशीर्वाद का दीया’ केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। पेंड्रा के दुर्गा सरोवर सहित जिले के सभी अमृत सरोवरों, ग्राम पंचायतों, ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों तथा विभिन्न शासकीय कार्यालयों और संस्थानों में भी दीप प्रज्वलित किए गए।

जिलेभर में एक साथ जले दीपों ने सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का दिया संदेश
विधायक प्रणव मरपच्ची के मुख्य आतिथ्य में मंचीय कार्यक्रम
दीप प्रज्वलन के बाद मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेम्बली हॉल में जिला प्रशासन की ओर से मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी लगातार 25 वर्षों से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा, समर्पण एवं संघर्ष के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी जनकल्याण और राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता देते हुए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं तथा जिन कार्यों को हाथ में लेते हैं, उन्हें मिशन मोड में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं।

विधायक श्री मरपच्ची ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित कर उन्हें शुभकामनाएं दे रहा है। उनके अनुसार यह आयोजन प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा के प्रति जनभावनाओं की अभिव्यक्ति है।


नुक्कड़ नाटक में दिखाई गई 25 वर्षों की यात्रा
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में किए गए विभिन्न कार्यों और महत्वपूर्ण पहलों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रस्तुति में अंतरिक्ष मिशन, सर्जिकल स्ट्राइक, डिजिटल इंडिया सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और पहलों को नाटक के माध्यम से दर्शाया गया।

दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसमें जनसहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक हुए शामिल
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलाड़ी, डीएफओ श्री कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और जिलेवासी उपस्थित रहे।
जिलेभर में आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों, संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, हितग्राहियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक रूप से प्रज्वलित दो लाख दीपों ने जीपीएम में सेवा, समर्पण, सहभागिता और शुभकामनाओं की रोशनी बिखेर दी।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार, जनहित के मुद्दे, जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ व अन्य कार्यक्रमों के विज्ञापन, संस्था–संगठन के विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7647981711, 9303948009।
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ के लिए सभी जिलों, राज्यों एवं ब्लॉक स्तर पर प्रतिनिधियों की नियुक्ति की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































