साइबर ठगी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का जागरूकता अभियान तेज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
स्कूल-कॉलेज से कंपनियों तक पहुंची पुलिस, एक दिन में 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं को दी साइबर सुरक्षा की सीख
रायगढ़ ACGN:- साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच लोगों को जागरूक करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेश को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना और चौकी स्तर पर पुलिस टीमें स्कूल, कॉलेज, कंपनियों और अन्य संस्थानों तक पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बता रही हैं।

अभियान के प्रथम सप्ताह में खासतौर पर विद्यार्थियों और युवाओं को केंद्र में रखा गया है। 20 अगस्त को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से करीब 1200 छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। पुलिस ने लोगों को समझाया कि डिजिटल सुविधा के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीके भी सामने आ रहे हैं, इसलिए जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

थाना जूटमिल पुलिस ने राजीव गांधी नगर स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। इससे पहले थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत के नेतृत्व में जयदेव पाठशाला में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

तमनार में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शासकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड के बदलते तरीकों, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन लेनदेन में सावधानी बरतने के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे साइबर सुरक्षा की जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।

घरघोड़ा की कन्या शाला में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर बातचीत करते समय सतर्क रहने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी।

भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुरा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में थाना प्रभारी रोशन कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप से अवगत कराया। पुलिस ने डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल परिजनों या पुलिस को देने की अपील की।

कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम नंदेली में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, उप निरीक्षक संजय नाग सहित साइबर और कोतरारोड़ पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल भुगतान से जुड़े अपराधों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

पूंजीपथरा पुलिस ने अग्रोहा कंपनी में कार्यरत युवाओं के बीच साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। युवाओं को ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, सोशल मीडिया और मोबाइल के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों के बारे में बताया गया। पुलिस ने कहा कि डिजिटल सुविधा का लाभ लेते समय सुरक्षा और सावधानी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

छाल थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाई स्कूल बोजिया में विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। पुलिस ने फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल लेनदेन में होने वाली ठगी से बचने के तरीके बताते हुए किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने की बात भी बताई गई।

जोबी चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर के नेतृत्व में ग्राम बर्रा की शासकीय माध्यमिक शाला में भी साइबर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने बच्चों को साइबर अपराध से बचाव के जरूरी उपाय बताए और उन्हें अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
रायगढ़ पुलिस ने अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विद्यार्थियों और आम नागरिकों से जागरूकता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। पुलिस द्वारा बच्चों से घर जाकर क्यूआर कोड स्कैन करने और अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने का आग्रह किया गया, ताकि साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
पुलिस ने नागरिकों से स्पष्ट अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, पिन, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने की स्थिति में बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। रायगढ़ पुलिस का यह जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले के अधिक से अधिक स्कूल, कॉलेज, संस्थानों तथा आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































