बोलेरो में छिपा था 44 लाख का नशा, पुलिस की घेराबंदी में 88 किलो गांजा बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संतोष यादव सूरजपुर
रात में नाकाबंदी से खुला नशे के कारोबार का राज, आरोपी गिरफ्तार; वाहन भी जब्त
सूरजपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 44 लाख रुपये कीमत का 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 की रात थाना प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक सीजी 16 सीएन 7570 में अवैध गांजा परसाकेत की ओर से बचरापोड़ी, जिला कोरिया की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस ने रघुनाथपुर चौक के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस को देखकर बोलेरो चालक वाहन को बस्ती की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और वाहन को ब्रम्हपुर में पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम उमरे आजम उर्फ नान्हू खान, पिता स्व. अयुब खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कार्रवाई से बचने के लिए उसने बोलेरो को अस्पताल परिसर में छिपा दिया था और स्वयं बाइक से लिफ्ट लेकर भागने का प्रयास कर रहा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने अस्पताल परिसर पहुंचकर बोलेरो की तलाशी ली। वाहन से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा तथा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस अधिनियम के तहत अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरी कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, प्रमोद लकड़ा तथा आरक्षक सत्यम सिंह, हरिशचंद दास, दीपक यादव, बृजेश काशी और संतोष ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और पूरे समाज पर इसका गंभीर असर पड़ता है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री, परिवहन अथवा किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस और आम जनता के सामूहिक सहयोग से ही जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































