वनमंत्री केदार कश्यप ने वनौषधि केंद्र और हाथी नियंत्रण केंद्र का किया अवलोकन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर वन आधारित आजीविका की ली जानकारी, हाथी मित्र दल को मोटरसाइकिल और सुरक्षा किट प्रदान की
कोरबा ACGN:- छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन तथा सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने दो दिवसीय कोरबा प्रवास के दौरान जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों का भ्रमण कर वन संरक्षण, वन आधारित आजीविका, वन्यजीव सुरक्षा और मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग की योजनाओं और स्थानीय समुदायों की भागीदारी से संचालित कार्यों की जानकारी ली तथा वन संरक्षण में ग्रामीणों की भूमिका को और मजबूत करने पर जोर दिया।

वनमंत्री श्री कश्यप ने प्रवास के प्रथम चरण में पाली विकासखंड के ग्राम डोंगानाला स्थित वनौषधि प्रसंस्करण केंद्र का अवलोकन किया। यहां उन्होंने हरि बोल स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से आत्मीय संवाद किया और उनके द्वारा किए जा रहे वनौषधि संग्रहण, प्रसंस्करण तथा विभिन्न उत्पादों के निर्माण की जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने वन संसाधनों पर आधारित गतिविधियों और तैयार किए जा रहे उत्पादों के बारे में मंत्री को विस्तार से बताया।

श्री कश्यप ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वन क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का स्थानीय स्तर पर बेहतर उपयोग कर ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण तथा वन संसाधनों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मेहनत, लगन और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।


वनमंत्री ने समूह द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि वनौषधियों और अन्य वन उत्पादों का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिला समूहों की आय बढ़ने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलेंगे।


इसके बाद वनमंत्री श्री कश्यप पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के वन विश्राम गृह बुका पहुंचे। यहां जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मंत्री ने सभी के स्नेह, सम्मान और स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।

इसके बाद श्री कश्यप चोटिया स्थित हाथी नियंत्रण केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कार्यरत हाथी मित्र दल के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हाथी मित्र दल को मोटरसाइकिल और सुरक्षा किट प्रदान की, ताकि वन क्षेत्रों में निगरानी और त्वरित सूचना व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

वनमंत्री ने हाथी मित्र दल के सदस्यों से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों, ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी आवाजाही और मानव-हाथी द्वंद्व की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मानव-हाथी द्वंद्व को कम करने के लिए वन विभाग, स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण समुदायों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। समय पर सूचना, सतर्कता और स्थानीय स्तर पर निगरानी से संभावित घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

श्री कश्यप ने स्थानीय वन प्रबंधन समितियों के सदस्यों से भी चर्चा की। उन्होंने वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और हाथियों से जुड़ी घटनाओं की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीण वन और वन्यजीवों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुभव और सहयोग से वन विभाग की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

वनमंत्री ने हाथी मित्र दल और वन प्रबंधन समितियों के सदस्यों को वन्यजीवों के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी और बेहतर समन्वय के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वन प्रबंधन समितियों के सदस्य, हाथी मित्र दल के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

20 अगस्त को विभिन्न पर्यटन एवं वन क्षेत्रों का करेंगे भ्रमण
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप 20 अगस्त को भी कोरबा जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 10 बजे वन विश्राम गृह बुका से अशोक वाटिका के लिए रवाना होंगे और सुबह 11 बजे वहां पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे वे फुटका पहाड़ के लिए प्रस्थान करेंगे।
दोपहर 12:30 बजे फुटका पहाड़ पहुंचकर मंत्री पहाड़ क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे फुटका पहाड़ से बालको रेंज स्थित कॉफी प्वाइंट के लिए रवाना होंगे और दोपहर 2:30 बजे वहां पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 3:30 बजे वे कॉफी प्वाइंट से ग्राम जमनीपाली के लिए रवाना होंगे।
शाम 4:30 बजे ग्राम जमनीपाली पहुंचकर श्री कश्यप एनटीपीसी अतिथि गृह में आयोजित बैठक में शामिल होंगे। बैठक में एनटीपीसी, एसईसीएल और वन विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके बाद मंत्री का रात्रि विश्राम जमनीपाली में निर्धारित है।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































