नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी आधार और नवजात की बिक्री का मामला; दो और आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
नवजात को अवैध तरीके से खरीदने वाले व्यक्ति समेत पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड बनाने वाली महिला पुलिस की गिरफ्त में, अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार; नवजात सकुशल बरामद
रायपुर ACGN:- रायपुर कमिश्नरेट के थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु की अवैध बिक्री के गंभीर मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में नवजात शिशु को अवैध तरीके से खरीदने वाला सुब्रत बिश्वास और पीड़िता की उम्र अधिक दर्शाने के उद्देश्य से फर्जी आधार कार्ड तैयार करने वाली पूनम सागरिया शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

थाना न्यू राजेन्द्र नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, पॉक्सो अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत प्रकरण की विवेचना की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने मामले में पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की थी।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि पीड़िता के नवजात शिशु को पंखाजूर, जिला कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास के पास बेच दिया गया था। इसी दौरान यह भी सामने आया कि पीड़िता की वास्तविक उम्र को अधिक दर्शाने के उद्देश्य से रायपुर के कोतवाली क्षेत्र निवासी पूनम सागरिया ने मोबाइल फोन के माध्यम से उसका फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की टीम लगातार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को मिली पुख्ता सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुब्रत बिश्वास एवं पूनम सागरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सुब्रत बिश्वास द्वारा नवजात शिशु को खरीदने तथा पूनम सागरिया द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार करने की बात स्वीकार की गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम ने आरोपी सुब्रत बिश्वास के कब्जे से नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है। नवजात शिशु की सुरक्षा और समुचित देखभाल को ध्यान में रखते हुए उसे रायपुर की मातृछाया संस्था में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से प्रकरण से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल मामले से जुड़ी गतिविधियों में किया गया था। जब्त मोबाइल फोन और अन्य प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में 32 वर्षीय सुब्रत बिश्वास, निवासी पीबी 34 प्रेम नगर कापसी, थाना पखांजूर, जिला कांकेर तथा पूनम सागरिया, निवासी एसबीआई एटीएम के पास, प्रकाश किराना दुकान के सामने, कालीबाड़ी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। नवजात शिशु की सकुशल बरामदगी को पुलिस कार्रवाई की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रकरण की विवेचना जारी है और पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































