2 सितंबर को उपराष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ दौरा, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, सुरक्षा से लेकर यातायात तक की तैयारियों पर जोर
रायपुर ACGN:- भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित कर उपराष्ट्रपति के प्रवास से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए बैठक में सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा सुविधा, स्वागत व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप होंगी व्यवस्थाएं
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के मार्ग में प्रवेश और निकास व्यवस्था की स्पष्ट योजना तैयार करने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने रायपुर एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, स्वागत पंक्ति और एम्स परिसर में स्वागत सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने को कहा गया।

सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए गृह विभाग को सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर प्रत्येक आवश्यक व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करने और सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं।

प्रोटोकॉल के अनुसार होगी बैठक व्यवस्था
बैठक में दीक्षांत समारोह की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस योजना के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने एम्स रायपुर प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का समय रहते निरीक्षण करने और आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर दिया।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, रायपुर संभाग के आयुक्त श्री श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव श्री मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव श्रीमती अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, रायपुर आईजी, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































