गेरवानी शराब दुकान में फायरिंग, सुरक्षा गार्ड घायल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
पिस्टलनुमा हथियार से गोली चलाने का आरोप, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज; आरोपी की तलाश जारी
रायगढ़ ACGN:- गेरवानी स्थित शासकीय देशी मिश्रित मदिरा दुकान में सोमवार रात पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग किए जाने से वहां तैनात निजी सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। घटना के बाद पूंजीपथरा पुलिस ने घायल सुरक्षा गार्ड की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की रात सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल, उम्र 43 वर्ष, की ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। वह ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत गेरवानी स्थित शासकीय देशी मिश्रित मदिरा दुकान में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।

दुकान बंद होने के बाद वहां कुछ असामाजिक तत्वों के आने और गाली-गलौज व उपद्रव करने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही थीं।

बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे एक युवक दुकान के सामने पहुंचा और अपने दोस्त के साथ कथित मारपीट को लेकर गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान युवक ने जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टलनुमा हथियार निकाला और फायर कर दिया। गोली सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल के पेट में लगी। घायल होने के बाद वह जान बचाने के लिए आहाते के पीछे जाकर छिप गया और अपने साथियों को घटना की जानकारी देकर डायल 112 को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस, साइबर पुलिस, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक सहित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने घायल गार्ड की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 206/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर पतासाजी की जा रही है तथा उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास जारी है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना में प्रयुक्त हथियार तथा फायरिंग के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space










































