शिशु संरक्षण माह शुरू, बच्चों को मिलेगा विटामिन ए और आईएफए का लाभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
18 अगस्त से 24 सितंबर तक हर मंगलवार और शुक्रवार को होंगे स्वास्थ्य सत्र, टीकाकरण से छूटे बच्चों पर भी रहेगा विशेष ध्यान

कोरब ACGN:- भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में शिशु संरक्षण माह का आयोजन 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सेवाओं को मजबूत किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि शिशु संरक्षण माह वर्ष में दो बार छह माह के अंतराल पर आयोजित किया जाता है।

अभियान के दौरान प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों और टीकाकरण केंद्रों में निर्धारित स्वास्थ्य सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए तथा 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन-फोलिक अम्ल का सिरप दिया जा रहा है।

अभियान के दौरान बच्चों में रक्त की कमी की जांच भी की जा रही है। अभिभावकों को स्तनपान के लाभ और बच्चों की उम्र के अनुसार उचित आहार के संबंध में जानकारी दी जा रही है।

गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है। इसके साथ ही नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों तथा टीकाकरण के लिए लक्षित बच्चों को आवश्यक टीके लगाए जा रहे हैं।


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चों को हर छह माह में पांच वर्ष की आयु तक विटामिन ए की निर्धारित खुराक देने से विटामिन ए की कमी से होने वाली समस्याओं की रोकथाम में मदद मिलती है। वहीं आयरन-फोलिक अम्ल का सिरप बच्चों में खून की कमी को दूर करने और एनीमिया की रोकथाम में उपयोगी है।


कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने जिले के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के 6 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को निर्धारित स्वास्थ्य सत्रों में आंगनबाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्र तक लेकर जाएं।


बच्चों को उनकी आयु के अनुसार विटामिन ए और आयरन-फोलिक अम्ल की दवा दिलाने के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि उनका नियमित टीकाकरण पूरा हो।

स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र के शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा विटामिन ए, आयरन-फोलिक अम्ल और आवश्यक टीकाकरण जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space










































