भूमिपूजन, भव्य बाइक रैली और सामाजिक एकजुटता का दिखा अद्भुत संगम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादी पांडेय
सामाजिक एकता, अनुशासन और युवा शक्ति का दिखा प्रभावशाली संदेश
बिलासपुर ACGN:- राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जयंती के अवसर पर क्षत्रिय राठौर समाज कल्याण समिति, बिलासपुर के तत्वावधान में ग्राम गतौरा में भव्य सामाजिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सामाजिक एकता, अनुशासन, संस्कृति और युवा शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने शामिल होकर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान भूमिपूजन, भव्य बाइक रैली, विकास कार्यों की घोषणाएं और वरिष्ठ समाजजनों के सम्मान ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू रहे, जबकि अध्यक्षता जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्री धनंजय सिंह राठौर ने की। विधायक श्री धर्मजीत सिंह, विधायक श्री सुशांत शुक्ला, विधायक श्री दिलीप लहरिया, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राजकिशोर नगर स्थित राष्ट्रवीर दुर्गादास स्मृति सामुदायिक भवन परिसर में भूमिपूजन के साथ हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने अपनी सांसद निधि से स्वीकृत 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हॉल का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन किया। इसके साथ ही महापौर श्रीमती पूजा विधानी की निधि से प्रस्तावित बाउंड्रीवॉल का भी भूमिपूजन किया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने राठौर समाज की एकता, अनुशासन और संगठन शक्ति की सराहना करते हुए कहा कि समाजबंधुओं की एकजुटता और अनुशासन आयोजन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुरुषों का सफेद वस्त्र और महिलाओं का पीले वस्त्र में एकरूपता के साथ शामिल होना समाज की संगठन शक्ति और अनुशासन का प्रभावशाली उदाहरण रहा।

समाजबंधुओं द्वारा स्वप्रेरणा से सामाजिक भवन के लिए भूदान किए जाने और अपने संसाधनों से विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जानकारी भी कार्यक्रम में दी गई। इस दौरान सामाजिक भवन और समाज के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने गतौरा स्थित सामाजिक भवन में महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम निर्माण हेतु सांसद निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं मस्तूरी विधायक श्री दिलीप लहरिया ने जिले के चार गांवों में 10-10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक निधि से कुल 40 लाख रुपये देने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने ग्राम रांक में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बिंझवार ने सामाजिक कार्यों के लिए 10 लाख रुपये सहयोग देने की घोषणा की।

भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद राजकिशोर नगर से ग्राम गतौरा तक भव्य बाइक रैली निकाली गई। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने स्वयं बाइक चलाकर रैली में शामिल युवाओं का उत्साहवर्धन किया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान जय राठौर और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा। ग्राम गतौरा पहुंचने पर रैली का समाजबंधुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
महासम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर एवं भगवान श्रीराम के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। वक्ताओं ने समाज को संगठित और अनुशासित रहने तथा युवाओं को शिक्षा, सामाजिक सेवा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने राठौर समाज के संगठनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को संगठित करने के लिए वर्षों से किए जा रहे प्रयासों का आज एक बड़ा सपना पूरा हुआ है। उन्होंने समाज की एकता और संगठन शक्ति को इसी तरह बनाए रखने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन राठौर ने समाज को और अधिक संगठित करने की दिशा में जल्द ही डिजिटल ऐप तैयार कर सामाजिक जनगणना शुरू करने की जानकारी दी। वहीं महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती षष्ठी राठौर ने समाज के विकास में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए महिलाओं से हर क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।

सम्मेलन के दूसरे चरण में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ समाजबंधुओं को शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इंजीनियर श्री नवनीत सिंह राठौर द्वारा रचित राठौर समाज के इतिहास और शौर्यगाथा पर आधारित गीत की प्रस्तुति ने उपस्थित समाजजनों में उत्साह और गौरव की भावना भर दी।

कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के विभिन्न नौ ग्रामों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, समाज प्रमुख, युवा, मातृशक्ति और वरिष्ठजनों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। जांजगीर जिले से क्षत्रिय राठौर समाज के अध्यक्ष श्री शिव कुमार राठौर सहित श्री महेश राठौर, श्री गोवर्धन राठौर, श्री अरविंद राठौर, श्री रविन्द्र राठौर, श्री अमरनाथ राठौर तथा आयोजन समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों के आभार और सामाजिक एकता को मजबूत बनाए रखने के संकल्प के साथ महासम्मेलन का समापन हुआ।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा










































