रैपिडो चालक ने महिला यात्री के दो मोबाइल उड़ाए, चंद घंटों में पुलिस ने दबोचा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
भारी बैग के साथ मोबाइल वाहन में रखा था, भीम नगर पहुंचते ही चालक सामान छोड़कर वाहन समेत फरार; तीन मोबाइल और दोपहिया वाहन बरामद
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में रैपिडो के माध्यम से सफर कर रही महिला यात्री के दो मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित करीब 1 लाख 20 हजार रुपये की सामग्री बरामद की है।
मामला थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र का है। श्रीजन विला, भीम नगर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:15 बजे उसने सिविल लाइन स्थित सिंचाई कॉलोनी से रैपिडो एप के माध्यम से वाहन बुक किया था। वह शास्त्री चौक और आमापारा चौक होते हुए भीम नगर पहुंची।
महिला के अनुसार फल खरीदने के बाद फलों से भरा बैग काफी भारी हो गया था। इसी कारण उसने बैग वाहन चालक के पैर के पास रख दिया था। बैग में उसके दो मोबाइल फोन भी रखे हुए थे। भीम नगर पहुंचने के बाद जैसे ही महिला वाहन से उतरकर अपना सामान उठाने लगी, चालक वाहन लेकर तेजी से वहां से निकल गया।

महिला ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका और दूसरे रास्ते की ओर वाहन लेकर फरार हो गया। बैग में रखे दोनों मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई। महिला की शिकायत पर थाना पुरानी बस्ती में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 411/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र श्री रॉबिन्सन गुड़िया ने अधीनस्थ अधिकारियों को आरोपी की तत्काल पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने महिला से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आरोपी के आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
पुलिस ने रैपिडो एप के माध्यम से बुक किए गए वाहन और चालक से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाई। सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपी चालक तक पहुंची। आरोपी की पहचान नरेन्द्र सिंह के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे पकड़ा और पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने महिला यात्री के मोबाइल फोन चोरी करने की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन तथा दोपहिया वाहन बरामद किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना की प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्त में आ गया। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेन्द्र सिंह पिता दिनेश सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी रामसागरपारा, थाना सीएसईबी, जिला कोरबा, हाल पता श्रीनगर, गुढ़ियारी, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space










































