साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा साइबर जागृति अभियान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
विधायक अमर अग्रवाल ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की, परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान

कोरबा ACGN:- डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध संदेश, फर्जी कॉल और लिंक के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाने के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में साइबर अपराध से बचाव के लिए स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सतर्क करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल ने साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज साइबर अपराध गंभीर चुनौती बन चुका है और तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चला रही है।

जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नगरीय निकायों और पंचायत स्तर तक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि समाज के हर वर्ग को ऑनलाइन ठगी से बचने के जरूरी उपायों की जानकारी मिल सके।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अनजान नंबरों से आने वाली कॉल पर सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध लिंक को बिना जांचे न खोलें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी विवरण, गोपनीय अंक या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल सतर्क होकर उचित माध्यम से इसकी सूचना दें।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम स्वयं सावधान रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी के तरीकों के बारे में जागरूक करें तो ऐसे अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।

‘साइबर जागृति अभियान’ के माध्यम से आम नागरिकों तक यही संदेश पहुंचाया जा रहा है कि डिजिटल सुविधा का उपयोग करते समय सावधानी और जागरूकता को प्राथमिकता दें। छोटी-सी असावधानी कई बार आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, संदेश, लिंक या ऑनलाइन प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।

अभियान के तहत नागरिकों से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई है। साइबर जागरूकता से जुड़ी अपनी तस्वीर साझा कर @cgpolicedept को टैग कर अभियान में सहभागिता करने का संदेश भी दिया गया है।

कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक, पत्रकार और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच यह अभियान लोगों को तकनीक का सुरक्षित इस्तेमाल करने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सजग करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जरूरत अब केवल खुद सुरक्षित रहने की नहीं, बल्कि दूसरों को भी जागरूक करने की है।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space










































