रणजीता स्टेडियम में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा जशपुर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जशपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू, राजधानी रिपोर्टर
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी; स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और 167 उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान

जशपुर ACGN:- जिला मुख्यालय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया।

मुख्य समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन भी किया।


ध्वजारोहण के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया।

समारोह के दौरान शांति और उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। कुल 12 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंट ने किया, जबकि टू-आई-सी की जिम्मेदारी सूबेदार रवि साहू ने संभाली।

परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस, महिला पुलिस बल, नगर सेना की पुरुष एवं महिला टुकड़ियों के साथ राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना और विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थाओं के दल शामिल हुए। जवानों और विद्यार्थियों की अनुशासित कदमताल ने समारोह में देशभक्ति का जोश भर दिया।


समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का विशेष सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि ने उनसे आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।


इस दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी समारोह को यादगार बना दिया। बैंड की देशभक्ति धुनों के साथ सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण में राष्ट्रीय गौरव और उत्साह का संचार किया।

समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के 167 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


इनमें पुलिस, शिक्षा, वन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, कृषि, जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए मिले सम्मान ने समारोह में सेवा और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

मुख्य समारोह में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन डी.आर. राठिया एवं जयेश सौरभ टोपनो ने किया। रणजीता स्टेडियम में आयोजित यह समारोह तिरंगे की शान, वीर शहीदों के सम्मान और देशभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।

परेड की कदमताल, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हुए सम्मान ने जशपुर के स्वतंत्रता दिवस समारोह को विशेष बना दिया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space










































