पुलिस परेड ग्राउंड में शान से लहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री साय ने ली परेड की सलामी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता – अनादि पांडेय
हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया आजादी का 80वां पर्व, 17 प्लाटूनों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश भी पढ़कर सुनाया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य परेड रही। पुलिस परेड ग्राउंड में कुल 17 प्लाटूनों ने अनुशासन और कदमताल के साथ आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि परेड के टूआईसी श्री निशांत गौरव कुर्रे रहे। परेड में इस वर्ष बिहार प्रदेश की पुलिस टुकड़ी को आमंत्रित वर्ग में शामिल किया गया, जिसने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।

परेड में सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुरुष एवं महिला दल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना के पुरुष एवं महिला दल, राष्ट्रीय कैडेट कोर के बालक एवं बालिका दल, बैंड दल, घुड़सवार दल तथा श्वान दल ने हिस्सा लिया। विभिन्न दलों की शानदार कदमताल और अनुशासित मार्च पास्ट ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ा दिया।

समारोह के दौरान महिला बैगपाइपर बैंड दल ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी। देशभक्ति की धुनों और अनुशासित प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। घुड़सवार दल और श्वान दल की प्रस्तुति भी समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। केंद्रीय बलों के वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की टुकड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता दल को पांच हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जिसे तीन हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का दल तीसरे स्थान पर रहा और उसे दो हजार रुपये की नकद राशि तथा ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

राज्य बलों के वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की महिला टुकड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। विजेता दल को पांच हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ जेल पुलिस का दल दूसरे स्थान पर रहा, जिसे तीन हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई।

वहीं छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल के पुरुष दल ने तीसरा स्थान हासिल किया। उसे दो हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय कैडेट कोर के वर्ग में बालिका दल ने पहला और बालक दल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान परेड के सफल आयोजन और विभिन्न प्रस्तुतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं दल प्रभारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। परेड टूआईसी श्री निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर श्री विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर श्रीमती सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर श्री अनिल यादव तथा श्वान दल के कमांडर श्री राज कपूर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा परेड प्रस्तुतियों के लिए डॉ. अनुराधा दुबे और श्री मनीष परमानंद को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगे की शान, जवानों की अनुशासित कदमताल, देशभक्ति की धुनों और विभिन्न सुरक्षा बलों की शानदार प्रस्तुतियों ने राजधानी के वातावरण को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित यह समारोह स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करने के साथ ही देश और प्रदेश की एकता, अखंडता तथा विकास के संकल्प का संदेश भी देता नजर आया।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space










































