डागा बिल्डिंग हत्याकांड का फरार आरोपी जगीरा गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
कंबल छीनने और पेशाब करने की बात पर हुआ था विवाद, पत्थर से सिर पर वार के बाद फरार हुआ था आरोपी; नागपुर तक पुलिस ने की तलाश
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर के डागा बिल्डिंग के पास हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी के बीच कंबल छीनने तथा मौके पर पेशाब करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से मृतक के सिर के पीछे दो-तीन बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए रायपुर से निकलकर नागपुर तक पहुंच गया था।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को थाना सिटी कोतवाली को डागा बिल्डिंग के सामने एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान जॉनी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम में उसकी मृत्यु का कारण सिर में आई गंभीर चोटें सामने आईं। इसके बाद थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाई गई। एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार तथा एसीसीयू/क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घटनास्थल, सीसीटीवी फुटेज और आसपास की परिस्थितियों की बारीकी से जांच की। संदिग्ध लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान नदीम खान उर्फ जगीरा, पिता स्वर्गीय हमीद खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी कब्रिस्तान के बाजू, शहीद हमीद नगर, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी खानाबदोश प्रवृत्ति का है और डागा बिल्डिंग के पास खुले स्थान पर अन्य लोगों के साथ सोया करता था। घटना वाली रात मृतक जॉनी शराब के नशे में वहां पहुंचा था। आरोप है कि उसने आरोपी का कंबल छीनने का प्रयास किया और वहीं पेशाब करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से मृतक के सिर के पीछे दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद मृतक मौके पर गिरकर अचेत हो गया और आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद आरोपी को जब पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिली तो वह रायपुर से निकलकर नागपुर की ओर चला गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग स्थानों पर घूमकर भिक्षा मांगकर जीवन-यापन करता है और किसी एक जगह स्थायी रूप से नहीं रहता था। इसी वजह से उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बनी रही।
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और नागपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी पतासाजी की। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नागपुर एवं आसपास आयोजित होने वाले उर्स में शामिल होकर तथा मजारों के आसपास रुकता रहा, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।

हुलिया बदलकर रायपुर लौटा, सूचना तंत्र से पकड़ाया
पुलिस के अनुसार कुछ समय बाद आरोपी हुलिया बदलकर दोबारा रायपुर लौट आया और अलग-अलग स्थानों पर घूमकर भिक्षा मांगते हुए रहने लगा। पुलिस द्वारा लगातार सक्रिय किए गए सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपी के साथ रहने वाले अन्य भिक्षुओं से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई कि जगीरा हुलिया बदलकर रायपुर में ही घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया गया तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य स्वीकार किए। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर सहित अन्य भौतिक साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
आरोपी नदीम खान उर्फ जगीरा को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई और उसे न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में आरोपी की पहचान करने से लेकर नागपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश, सूचना संकलन, घेराबंदी और गिरफ्तारी तक पुलिस टीम ने लगातार काम किया। प्रकरण में प्रधान आरक्षक प्रेम सागर नेताम, आरक्षक मुकेश सिंह, आरक्षक कमार आलम, आरक्षक शिवराज बघेल एवं आरक्षक गिरिधर प्रजापति की उल्लेखनीय भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। डागा बिल्डिंग के पास हुई इस हत्या के बाद फरार आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ने का दावा किया है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space



