तिरंगे के रंग में रंगा रायपुर, मुख्यमंत्री साय ने थामे तिरंगा और हजारों कदमों के साथ गूंजा ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का संकल्प
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू, रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीद वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर की शौर्यगाथा को किया नमन
सूरजपुर, ACGN:- स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले राजधानी रायपुर सोमवार को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं हाथ में राष्ट्रीय ध्वज थामकर हजारों नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाया। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा यात्रा मार्ग गूंजता रहा। युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों, पूर्व सैनिकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य तब दिखाई दिया, जब स्कूली विद्यार्थियों ने लगभग एक किलोमीटर लंबे तिरंगे को अपने हाथों में थामकर यात्रा में सहभागिता की। सड़क पर दूर तक फैला विशाल राष्ट्रध्वज रायपुर के आसमान और सड़कों के बीच देशभक्ति की अनुपम तस्वीर प्रस्तुत कर रहा था। यात्रा मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और अपने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और करोड़ों भारतीयों की सामूहिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग भाषा, संस्कृति, परंपरा और क्षेत्र होने के बावजूद तिरंगा सभी भारतीयों को एक सूत्र में बांधता है। स्वतंत्रता के लिए असंख्य लोगों ने त्याग और बलिदान दिया, इसलिए तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का प्रदेशवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि स्वतंत्रता का यह उत्सव केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराने का अवसर भी बनना चाहिए।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह और महान जननायक गुण्डाधुर को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अनेक वीरों को जन्म दिया है। वीर नारायण सिंह ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, वहीं गुण्डाधुर ने बस्तर के जनजातीय समाज को संगठित कर अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। इन महानायकों की शौर्यगाथा आज भी नई पीढ़ी को प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने बदलते बस्तर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर के गांवों और दूरस्थ अंचलों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा पूरे गौरव के साथ लहराएगा।

तिरंगा यात्रा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रध्वज स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रायपुर में युवाओं और नागरिकों की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तिरंगा यात्रा को राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति बताते हुए कहा कि तिरंगा भारत की राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
यात्रा में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
रायपुर की सड़कों पर लहराते हजारों तिरंगों और गूंजते राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच तिरंगा यात्रा ने राजधानी को एक संदेश दिया, देश की एकता, अखंडता और सम्मान सर्वोपरि है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


