बरहमपुर को टियर-2 स्मार्ट सिटी का दर्जा देने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा मांगपत्र; संतुलित विकास के लिए उठी बड़ी आवाज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गंजाम, ओडिशा
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनिल कुमार चौधरी, गंजाम
शहर के विकास को लेकर सहर-तली मिलित क्रियानुष्ठान कमेटी की पहल, हवाई अड्डे से लेकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, आईटी पार्क और औद्योगिक गलियारे तक की मांग; मांगपत्र की प्रतियां शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गईं
गंजाम। दक्षिण ओडिशा के प्रमुख शहर बरहमपुर के समग्र और संतुलित विकास की मांग को लेकर सहर-तली मिलित क्रियानुष्ठान कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को ईमेल के माध्यम से मांगपत्र भेजा गया है। कमेटी ने बरहमपुर को तत्काल टियर-2 स्मार्ट सिटी का दर्जा देने सहित शहर और पूरे दक्षिण ओडिशा के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।
कमेटी के अध्यक्ष संजीव कुमार पटनायक ने कहा कि बरहमपुर दक्षिण ओडिशा के आठ जिलों के करीब डेढ़ करोड़ लोगों के लिए जीवनरेखा की तरह है। मांगपत्र में बरहमपुर की जनसंख्या, व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्रीय महत्व से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि आठ लाख से अधिक आबादी और लगभग ढाई लाख से अधिक प्रभावित शहरी क्षेत्र के साथ बरहमपुर ओडिशा के प्रमुख बड़े शहरों में शामिल है। यह दक्षिण ओडिशा का प्रमुख व्यापारिक एवं कर केंद्र भी है, जहां प्रतिदिन बड़े स्तर पर आर्थिक गतिविधियां होती हैं।
कमेटी का कहना है कि पर्याप्त आर्थिक और क्षेत्रीय महत्व के बावजूद बरहमपुर को वह प्रशासनिक और विकासात्मक पहचान नहीं मिल पाई है, जिसके कारण शहर केंद्रीय योजनाओं और बड़े निवेश से अपेक्षित लाभ नहीं उठा पा रहा है। कमेटी ने इसे दक्षिण ओडिशा के विकास से सीधे जुड़ा विषय बताते हुए राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
मांगपत्र में कहा गया है कि आधुनिक हवाई संपर्क और पर्याप्त रेलवे सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र में बड़े निवेश की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं। उच्च स्तरीय चिकित्सा और शिक्षा संस्थानों की कमी के कारण दक्षिण ओडिशा के बड़ी संख्या में लोगों को बेहतर इलाज और उच्च शिक्षा के लिए भुवनेश्वर अथवा दूसरे राज्यों की ओर जाना पड़ता है। इसी तरह आईटी पार्क और बड़े औद्योगिक संस्थानों की कमी के कारण स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों और राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।
कमेटी ने बरहमपुर को टियर-2 स्मार्ट सिटी का दर्जा देने के साथ शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा विकसित करने, विशेष रेलवे सुविधाओं का विस्तार करने, एम्स स्तर का अस्पताल, केंद्रीय विश्वविद्यालय, आईटी पार्क, औद्योगिक गलियारा और रक्षा औद्योगिक समूह स्थापित करने की मांग की है।
इसके अलावा बरहमपुर-गोपालपुर क्षेत्र को तटीय आर्थिक गलियारे के रूप में विकसित करने तथा बरहमपुर नगरपालिका को पूर्ण महानगरीय निगम का दर्जा देकर उसकी वित्तीय क्षमता बढ़ाने की मांग भी रखी गई है। कमेटी का मानना है कि इन परियोजनाओं से न केवल बरहमपुर बल्कि पूरे दक्षिण ओडिशा को आर्थिक और रोजगार के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिल सकता है।
कमेटी की ओर से यह भी दावा किया गया है कि यदि बरहमपुर को उचित श्रेणी और प्रमाणन मिलता है तो विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य योजनाओं के माध्यम से हजारों करोड़ रुपये के विकास और निवेश की संभावनाएं खुल सकती हैं। मांगपत्र में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, औद्योगिक गलियारे और वित्त आयोग से मिलने वाले संभावित संसाधनों का भी उल्लेख किया गया है।
अध्यक्ष संजीव कुमार पटनायक ने कहा कि बरहमपुर को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि ठोस प्रशासनिक इच्छाशक्ति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बरहमपुर का विकास केवल एक शहर का विषय नहीं है, बल्कि दक्षिण ओडिशा के करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं से जुड़ा मुद्दा है। यदि बरहमपुर मजबूत होगा तो दक्षिण ओडिशा के विकास को भी गति मिलेगी।
कमेटी ने यह भी कहा कि शहर को आवश्यक दर्जा और प्रमाणन मिलने से केंद्रीय योजनाओं के लिए पात्रता बढ़ सकती है और विकास के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध हो सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार और प्रशासन से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई गई है।
मांगपत्र की प्रतियां राज्य के आवास एवं शहरी विकास विभाग के सचिव, संबंधित मंडल के सचिव, दक्षिणी राजस्व मंडल के आरडीसी, गंजाम जिला कलेक्टर तथा बरहमपुर महानगर निगम के आयुक्त को भी भेजी गई हैं, ताकि मांगों पर संबंधित स्तर से विचार किया जा सके।
अब देखना होगा कि दक्षिण ओडिशा के इस महत्वपूर्ण शहर को लेकर कमेटी द्वारा उठाई गई मांगों पर राज्य सरकार क्या रुख अपनाती है। यदि बरहमपुर को बेहतर परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और शहरी अधोसंरचना की सुविधाएं मिलती हैं तो इसका सीधा लाभ गंजाम के साथ-साथ दक्षिण ओडिशा के व्यापक क्षेत्र को मिल सकता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


