26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा जीपीएम, 540 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा का दम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
18 से 21 अगस्त तक प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाड़ी जिम्नास्टिक, क्रिकेट, ताईक्वांडो और कबड्डी प्रतियोगिताओं में लेंगे हिस्सा, जिला प्रशासन ने तेज की तैयारियां।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ACGN :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेल संस्कृति को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिला आगामी 18 से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 540 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का सशक्त आधार हैं। शालेय स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर भी प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता के दौरान जिम्नास्टिक (बालक एवं बालिका), क्रिकेट (बालक), ताईक्वांडो (बालक एवं बालिका) तथा कबड्डी (बालिका) की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश के सभी पांचों संभागों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अधिकारी भाग लेंगे। आयोजन से खिलाड़ियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और खेल उत्कृष्टता को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर सभी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्यभर से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों।
समीक्षा बैठक में खेल स्थलों के चयन, खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन, परिवहन, स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा उद्घाटन एवं समापन समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी सहित खेल एवं युवा कल्याण, वन, स्वास्थ्य, आदिवासी विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, खाद्य, परिवहन तथा नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
चार दिवसीय यह प्रतियोगिता प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। साथ ही, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को राज्य स्तरीय खेल आयोजनों के सफल मेजबान के रूप में नई पहचान दिलाने में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


