बरहमपुर में सड़क सुरक्षा की नई पहल: 75 आवारा मवेशियों को पहनाई गई रेडियम बेल्ट
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बरहमपुर, ओडिशा
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनिल कुमार चौधरी, गंजाम
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन का विशेष अभियान, रात में वाहन चालकों को दूर से दिखाई देंगे आवारा पशु
बरहमपुर ACGN :- ओडिशा के बरहमपुर शहर में आवारा पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल करते हुए रेडियम बेल्ट अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत शहर की सड़कों पर खुले घूमने वाले आवारा मवेशियों को रिफ्लेक्टिव (रेडियम) बेल्ट पहनाई जा रही है, ताकि रात के समय वाहन चालकों को वे दूर से दिखाई दें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

अभियान के प्रथम चरण में जिला प्रशासन द्वारा गठित सात टीमों ने शहर के बीजीपुर, गोसानीनुआगाम, गांधीनगर, स्टेशन रोड, हिलपटना और आस्का रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में घूम रहे 75 आवारा गायों, बैलों और सांडों को रेडियम बेल्ट पहनाई। इस अभियान का शुभारंभ बरहमपुर के विधायक के. अनिल कुमार की उपस्थिति में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजन दास, उप संभागीय पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवानी शंकर शतपति, सिटी वेटनरी ऑफिसर डॉ. सत्यनारायण कर, जिला परिषद सदस्य, पत्रकार ललातेंदु चौधरी सहित पशु प्रेमी, समाजसेवी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन के अनुसार पिछले कुछ महीनों में बरहमपुर एवं आसपास के राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं से जुड़े सड़क हादसों में 52 मवेशियों की मौत हो चुकी है। इन दुर्घटनाओं से न केवल पशुओं की जान गई, बल्कि वाहन चालकों की सुरक्षा भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
जिला कलेक्टर भि. कीर्ति वासन ने कहा कि रेडियम बेल्ट लगाने से अंधेरा होने के बाद सड़क पर मौजूद पशुओं को आसानी से देखा जा सकेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रशासन इस अभियान का दायरा और बढ़ाने तथा अधिक से अधिक आवारा पशुओं तक इसे पहुंचाने की योजना पर कार्य कर रहा है। साथ ही लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजन दास ने बताया कि रेडियम बेल्ट एक प्रभावी सुरक्षा उपाय है। इसकी परावर्तक सतह रात में वाहन चालकों को पहले ही सतर्क कर देती है, जिससे टक्कर की संभावना काफी कम हो जाती है।
बरहमपुर विधायक के. अनिल कुमार ने इस पहल को सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इसकी सफलता जिला प्रशासन, पशु संसाधन विकास विभाग और पशु कल्याण से जुड़े स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करेगी। उन्होंने पशुपालकों से भी अपील की कि वे अपने मवेशियों को सार्वजनिक सड़कों पर खुला न छोड़ें तथा उनकी समुचित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


