बढ़ानी पड़ी ई-रिक्शा और ऑटो पंजीयन की समय-सीमा… अब 10 अगस्त तक मिला अंतिम मौका
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN ,7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
रायपुर यातायात पुलिस ने जनहित में ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन अभियान को 10 दिन और बढ़ाया, अब तक 16,383 वाहनों का पंजीयन और 13,130 पर क्यूआर कोड लगाए गए।
रायपुर ACGN :- राजधानी रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में चल रहे ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन अभियान को जनहित में 10 दिनों के लिए और बढ़ा दिया गया है। अब जिन वाहन मालिकों और चालकों ने अभी तक अपने वाहन का पंजीयन नहीं कराया है, वे 1 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक इस विशेष अभियान का लाभ उठा सकेंगे।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा संचालित इस अभियान के तहत अब तक कुल 16,383 ई-रिक्शा एवं ऑटो का पंजीयन किया जा चुका है। इनमें से 13,130 वाहनों पर क्यूआर कोड भी लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष पंजीकृत वाहनों पर भी जल्द ही क्यूआर कोड लगाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक वाहन और उसके चालक का डिजिटल सत्यापन सुनिश्चित करना है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था दोनों को मजबूती मिल सके।

यातायात पुलिस के अनुसार, इससे पहले विशेष अभियान चलाकर 15,047 वाहनों का पंजीयन किया गया था। इसके बाद 21 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पुनः विशेष अभियान संचालित किया गया, जिसमें 1,336 अतिरिक्त ई-रिक्शा एवं ऑटो का पंजीयन कराया गया। इसके बावजूद अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे वाहन हैं जिनका पंजीयन शेष है। इसी कारण वाहन चालकों एवं मालिकों की मांग और व्यापक जनहित को देखते हुए अभियान की अवधि 10 दिनों के लिए और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पंजीयन पूरा होने के बाद प्रत्येक वाहन का सत्यापित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। इससे वाहन और चालक की पहचान आसानी से हो सकेगी तथा दुर्घटना, विवाद या किसी अन्य आपात स्थिति में वाहन संबंधी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जा सकेगी। क्यूआर कोड युक्त पंजीकृत वाहनों से यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बनेगी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीयन सार्वजनिक परिवहन वाहनों के संचालन पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए सभी ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालकों से अपील की गई है कि वे 1 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विस्तारित अभियान का लाभ उठाकर अपने वाहन का निःशुल्क पंजीयन अवश्य कराएं। चालक अपने मोबाइल से उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं या फिर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने निकटतम यातायात थाना पहुंचकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
यातायात पुलिस का मानना है कि यह अभियान केवल पंजीयन तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर में सुरक्षित, जिम्मेदार और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


