लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर, ओडिशा
By ACGN 7637981711, 9303948009
ओडिशा ब्यूरो : स्वामी बिजयानंद जी महाराज
बाढ़ की स्थिति पर सरकार की हर मिनट नजर, राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
भुवनेश्वर, ACGN। ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी ने कहा है कि राज्य में बाढ़ की स्थिति पर सरकार हर मिनट नजर बनाए हुए है और लोगों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्य सचिव और विशेष राहत आयुक्त के साथ बाढ़ की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आवश्यक सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री माझी ने राज्यवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराएं नहीं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

बाढ़ से प्रभावित बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर जिलों में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए तीन वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है। इसके साथ ही विशेष राहत आयुक्त कार्यालय तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओड्राफ, अग्निशमन सेवा तथा पुलिस बल पूरी तरह सतर्क हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली गई है और आवश्यकतानुसार उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, सर्पदंश रोधी इंजेक्शन तथा पशुओं के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही खाली कराए गए गांवों में लोगों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का शीघ्र सर्वेक्षण कर प्रभावित परिवारों को समयबद्ध मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


