ऑनलाइन चालान नहीं भरा तो होगी सख्त कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
यातायात पुलिस ने जारी की नई गाइडलाइन, कोर्ट कार्रवाई, लाइसेंस निलंबन और वाहन नीलामी तक की चेतावनी
बिलासपुर ACGN :- यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में ऑनलाइन चालान शुल्क जमा नहीं करने वाले मामलों को न्यायालय भेजा जा रहा है। गंभीर मामलों में लाइसेंस के निलंबन, निरस्तीकरण तथा वाहन की नीलामी तक की कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों को पारदर्शी और सरल ई-चालान व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है।

वर्तमान में ई-चालान परिवहन पोर्टल पर सॉफ्टवेयर अपडेट का कार्य चल रहा है। ऐसे में वाहन चालक नेक्स्ट जेन ई-चालान (NextGen eChallan) पोर्टल के माध्यम से कंप्यूटर या लैपटॉप से अपना चालान शुल्क ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
यातायात पुलिस ने बताया कि यदि किसी कारणवश ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी समस्या आती है, तो वाहन चालक आईटीएमएस के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) भवन पहुंचकर यातायात अधिकारियों की सहायता से भी ऑनलाइन चालान शुल्क जमा कर सकते हैं।

पुलिस के अनुसार, यातायात नियमों के उल्लंघन के 24 घंटे के भीतर वाहन के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर उल्लंघन और चालान शुल्क की जानकारी भेज दी जाती है। इसके अतिरिक्त सात दिनों के भीतर पंजीकृत पते पर डाक के माध्यम से चालान की प्रति भी भेजी जाती है। निर्धारित अवधि तक चालान जमा नहीं करने पर संबंधित मामला ई-कोर्ट के माध्यम से न्यायालय भेज दिया जाता है।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय से लगातार नोटिस जारी होने के बावजूद यदि वाहन चालक उपस्थित नहीं होता, तो उसके ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। वहीं गंभीर यातायात उल्लंघन के मामलों में न्यायालय के आदेश पर संबंधित वाहन की नीलामी की कार्रवाई भी की जा सकती है।

यातायात पुलिस ने ऐसे सभी वाहन चालकों से शीघ्र चालान शुल्क जमा करने की अपील की है, जिनके लंबित चालान हैं, ताकि उन्हें न्यायालयीन प्रक्रिया और अतिरिक्त परेशानियों का सामना न करना पड़े।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सड़क पर वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें तथा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और बीमार व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करें। सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था से ही बिलासपुर को बेहतर एवं सुगम आवागमन वाला शहर बनाया जा सकता है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


