महिला सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए सभी विभाग मिलकर करें प्रभावी कार्रवाई : एसएसपी शशिमोहन सिंह
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
रायगढ़ ACGN :- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार निवारण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण, पुनर्वास तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से ही प्रभावी ढंग से संभव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां लगातार निगरानी रखी जाए तथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि मानव तस्करी जैसी घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएं, जिससे लोगों को महिला सुरक्षा, मानव तस्करी तथा संबंधित कानूनों की जानकारी मिल सके। साथ ही महिला अपराधों एवं मानव तस्करी से जुड़े प्रकरणों की नियमित समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण तथा त्वरित विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को केवल कानूनी सहायता ही नहीं, बल्कि सुरक्षित आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श, शिक्षा, कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण तथा पुनर्वास की विभिन्न शासकीय योजनाओं का भी समुचित लाभ दिलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों को सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय समिति की नियमित मासिक बैठक आयोजित कर सभी मामलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा संबंधित विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करेंगे, ताकि महिला सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रयास और अधिक प्रभावी बन सकें।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती उन्नति ठाकुर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री महेश पटेल, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एल.आर. कच्छप, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री श्रीकांत दुबे, उप संचालक समाज कल्याण श्री शिव कुमार पाण्डेय, महिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती चैताली राय, महिला थाना से श्रीमती सरस्वती महापात्रे, डायल-112 प्रभारी श्री पुष्पेन्द्र कुमार श्याम, अधिवक्ता श्रीमती रीतू सिंह तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


