जिला खनिज न्यास शासी परिषद की बैठक संपन्न विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा करने के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
विधायक भूलन सिंह मरावी ने शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर दिया जोर, जनप्रतिनिधियों ने रखे सुझाव
सूरजपुर जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने की। बैठक में खनिज न्यास मद से संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि डीएमएफ मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए ताकि आम लोगों को इसका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा से जुड़े अधोसंरचना निर्माण कार्यों को आगामी शिक्षा सत्र से पहले मई और जून माह से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए ताकि विद्यार्थियों को नई सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों का नियमित भौतिक सत्यापन और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया।
प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने बैठक में बालिका विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर शौचालय और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने पशुपालन के क्षेत्र में योजनाओं को बढ़ावा देने की बात भी कही ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हो सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा ने कहा कि डीएमएफ की राशि का उपयोग प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर कार्य सुनिश्चित करने की बात कही ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।

बैठक में कुल 15 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। वित्तीय समीक्षा के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की सेक्टरवार कार्ययोजना के विरुद्ध प्रगति, स्वीकृत कार्यों और व्यय राशि का विधानसभा और ब्लॉकवार अवलोकन किया गया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में पशुधन विकास को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक परियोजनाओं और सेक्टरवार कार्ययोजना तैयार करने को लेकर भी विस्तार से विचार विमर्श किया गया।

बैठक में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा, जिला पंचायत सदस्य लोकेश पैकरा, शैलेश अग्रवाल, राजेश्वर तिवारी, राजू सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही कलेक्टर एस जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, वन मंडलाधिकारी डी पी साहू, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






