महिला आरक्षण से आधी आबादी को मिलेगा पूरा हक निर्णय प्रक्रिया में बढ़ेगी भागीदारी – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना, महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र
रायपुर: राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रसारित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह देश की मातृशक्ति के लिए ऐतिहासिक क्षण है, जो भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पंचायत से संसद तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का यह प्रयास नए भारत की स्पष्ट झलक प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सीधी भागीदारी विकसित भारत की सशक्त नींव बनेगी और इससे लोकतंत्र और मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर होने वाली चर्चा इस ऐतिहासिक पहल को मूर्त रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल देश की आधी आबादी को उनके अधिकार और सम्मान के साथ निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में नारी को सदैव उच्च स्थान दिया गया है। वैदिक काल से लेकर आज तक महिलाओं की भूमिका समाज के निर्माण और विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की विभिन्न योजनाओं ने इस परंपरा को आधुनिक संदर्भ में सशक्त रूप दिया है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है और इसका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है। साथ ही महतारी वंदन योजना जैसी योजनाएं माताओं और बहनों को आर्थिक तथा सामाजिक रूप से सशक्त बना रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि जब देश में महिला आरक्षण को लेकर ऐतिहासिक चर्चा हो रही है, उसी समय छत्तीसगढ़ में महतारी गौरव वर्ष मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी का सम्मान और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी प्रदेश की पहचान बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मातृशक्ति और महिला संगठनों से आह्वान किया कि वे हर मंच पर अपनी आवाज बुलंद करें और इस परिवर्तन यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं की बढ़ती सहभागिता से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा और समाज में सकारात्मक बदलाव की नई दिशा स्थापित होगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






