गो सम्मान आह्वान अभियान पर संभाग स्तरीय संगोष्ठी आज, संतों और गोभक्तों का होगा मंथन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
वाराणसी, उत्तर प्रदेश
By ACGN 7647981711, 9303948009
काशी में संगोष्ठी और पत्रकार वार्ता के जरिए गो सेवा, गो सुरक्षा और गो सम्मान को लेकर देशव्यापी जनजागरण की तैयारी
वाराणसी:- गोमाता को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से देशभर में चल रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत 12 अप्रैल को वाराणसी में एक दिवसीय संभाग स्तरीय संगोष्ठी और पत्रकार वार्ता का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम काशी के कमच्छा स्थित आदि शंकराचार्य मठ में बैजनत्था मंदिर के समीप आयोजित होगा, जिसमें संत समाज, गोसेवक और विभिन्न जिलों से जुड़े कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार सुबह नौ बजे से साढ़े नौ बजे तक जलपान के साथ आगंतुकों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद साढ़े नौ बजे से दस बजे तक परिचय सत्र आयोजित होगा। दस बजे से साढ़े दस बजे तक अभियान का परिचय दिया जाएगा, जबकि साढ़े दस बजे से दोपहर एक बजे तक जिलावार संवाद और विचार विमर्श होगा।
दोपहर एक बजे से दो बजे तक भोजन अवकाश रहेगा। इसके पश्चात दोपहर दो बजे से तीन बजे तक पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। तीन बजे से चार बजे तक संकल्प और सोशल मीडिया प्रशिक्षण का सत्र होगा, जबकि चार बजे से साढ़े चार बजे तक संतों का ऑनलाइन उद्बोधन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद साढ़े चार बजे से पांच बजे तक अनुमति, प्रचार, हस्ताक्षर और ज्ञापन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। शाम पांच बजे से छह बजे तक स्वल्पाहार और आपसी परिचर्चा के बाद कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन और प्रचार सामग्री वितरण के साथ किया जाएगा।
अभियान से जुड़े संतों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्वतंत्रता के अठहत्तर वर्ष बीत जाने के बाद भी देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में गोवध की घटनाएं जारी हैं और बड़ी संख्या में गोवंश निराश्रित अवस्था में भटक रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए देशभर में व्यापक जनसंपर्क और प्रचार के माध्यम से भारतीय समाज को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के तहत आगामी 27 अप्रैल 2026 को देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में गोभक्त और संतजन एक साथ तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम गो सेवा, गो सुरक्षा और गो सम्मान की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे।
अभियान के अध्यक्ष नंदी बाबा और प्रधान संरक्षक भगवती गौमाता को माना गया है। यह अभियान किसी संस्था, संगठन या व्यक्ति विशेष के नेतृत्व में नहीं बल्कि संत समाज और गोसेवकों के सामूहिक प्रयास से संचालित किया जा रहा है। संतों का मानना है कि यदि एक ही दिन देशभर में लाखों गोभक्त शांतिपूर्ण तरीके से गो सेवा, गो रक्षा और गो सम्मान की मांग करेंगे तो सरकार इस दिशा में ठोस निर्णय लेने के लिए प्रेरित होगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






