रंजिश में घर में घुसकर प्राणघातक हमला, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता अरविंद तिवारी
धारदार हथियारों से किया हमला, दो लोग गंभीर रूप से घायल; पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते घर में घुसकर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस मीडिया समूह से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब तीन बजे आरोपी शांति लाल कटकवार ग्राम गतवा निवासी संतोष साहू के पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान के रास्ते संतोष साहू के घर पहुंचा और छत पर लगे दरवाजे का ताला आरी-ब्लेड से काटकर घर के भीतर प्रवेश कर गया। आरोपी अपने साथ हत्या जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने के लिए पहले से ही धारदार हथियार लेकर पहुंचा था। रंजिश के चलते बदले की भावना से उसने संतोष साहू और ओमप्रकाश साहू पर लगातार प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में घायलों के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा निवेदिता पाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सतरूपा तारम के पर्यवेक्षण में बिर्रा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल संतोष साहू और ओमप्रकाश साहू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। मामले की जांच के दौरान फॉरेंसिक क्राइम यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या के प्रयास में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, गंडासा, धारदार नुकीला बिन्हा तथा ट्रैक्टर की लोहे की नांगर पट्टी बरामद की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर बिर्रा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में फॉरेंसिक क्राइम यूनिट जांजगीर की टीम प्रभारी सृष्टि राय, थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक नरेन्द्र शुक्ला, टी.आर. जांगड़े, प्रधान आरक्षक गौतम गोविंद पाण्डेय तथा आरक्षक रघुवीर यादव, दीपक तिवारी, लक्ष्मीनारायण कश्यप और रामसाय साहू का विशेष योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी शांति लाल कटकवार उम्र 34 वर्ष निवासी सिलादेही थाना बिर्रा जिला जांजगीर-चांपा है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






