जमीन विवाद में छोटे भाई की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
पसान पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
कोरबा ACGN:- थाना पसान क्षेत्र में जमीन बंटवारे के विवाद में छोटे भाई की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा कटघोरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पंकज ठाकुर के नेतृत्व में फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। इस दौरान थाना प्रभारी पसान चंद्रपाल खांडे और उनकी टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

मामले के अनुसार प्रार्थी बैसाखराम यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे उसका छोटा बेटा दयाराम यादव रोड किनारे घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके शरीर, सिर, नाक, माथा, पीठ और पैरों में गंभीर चोट के निशान थे। दयाराम यादव की पत्नी रामवती ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर दयाराम यादव और उसके बड़े भाई कल्याण यादव के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान कल्याण यादव ने घर में रखी लाठी से दयाराम यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और जमीन पर गिराकर उसका गला दबा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल दयाराम यादव को परिजनों ने उपचार के लिए पीएचसी पसान ले जाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने दयाराम यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर थाना पसान में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में आरोपी की तलाश की और जनप्रतिनिधियों तथा ग्राम रक्षा दल के माध्यम से भी जानकारी जुटाई। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी कल्याण यादव ग्राम सहाधार के आसपास देखा गया है और कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर अपने छोटे भाई दयाराम यादव की हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी कल्याण यादव, पिता बैसाखराम यादव, उम्र 33 वर्ष निवासी सेन्हा छापरपारा थाना पसान जिला कोरबा को 4 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे, सहायक उपनिरीक्षक राकेश सिंह, प्रधान आरक्षक सुभाष राठौर, आरक्षक रतन राठौर, लेखराम धीवर, कमल केवर्त, राकेश कर्ष, डोमन मधुकर और चंदन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






