पंचायत भवन बना पीडीएस गोदाम, जनप्रतिनिधियों को बैठने तक की जगह नहीं
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता : सौरभ साहू
भैयाथान क्षेत्र के ग्राम केवटाली में अव्यवस्था से प्रभावित पंचायत कार्य, अलग पीडीएस भवन निर्माण की उठी मांग
सूरजपुर ACGN : जिले के भैयाथान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवटाली में प्रशासनिक अव्यवस्था का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पंचायत भवन अपने मूल उद्देश्य से भटककर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के गोदाम के रूप में उपयोग किया जा रहा है। स्थिति यह है कि पंचायत भवन में राशन के बोरे रखे होने के कारण जनप्रतिनिधियों को बैठने तक के लिए जगह नहीं मिल पा रही है और पंचायत के नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

जिला उपसरपंच संघ सूरजपुर के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक चार बार लिखित आवेदन दिया जा चुका है और कई बार मौखिक रूप से भी अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके अलावा सुशासन तिहार के दौरान भी इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


ग्राम पंचायत के उपसरपंच ने भी इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पंचायत भवन ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और जनप्रतिनिधियों की बैठकों का प्रमुख केंद्र होता है, लेकिन वर्तमान में स्थिति यह है कि जनप्रतिनिधियों को अपने ही कार्यालय में बैठने के लिए जगह तलाशनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि एक ही कमरे में सभी कार्यों को निपटाना पड़ रहा है, जिससे न तो बैठकें ठीक से हो पा रही हैं और न ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सुचारु रूप से हो पा रहा है।

बताया जा रहा है कि गांव में अलग से पीडीएस भवन नहीं होने के कारण पंचायत भवन को ही खाद्यान्न भंडारण केंद्र बना दिया गया है। पंचायत भवन के अधिकांश कक्ष राशन के बोरो से भरे पड़े हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों पर सीधा असर पड़ रहा है और ग्रामीणों को भी कई सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत भवन, जो जनसुनवाई, बैठकों और विकास योजनाओं के संचालन का मुख्य केंद्र होता है, वह वर्तमान स्थिति में अपनी मूल भूमिका निभाने में असमर्थ हो गया है। इससे पंचायत व्यवस्था और विकास कार्यों की गति भी प्रभावित हो रही है। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत भवन को जल्द खाली कराया जाए और गांव में अलग से पीडीएस भवन का निर्माण कराया जाए।
इस मामले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी भैयाथान विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत केवटाली में नए पीडीएस भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को जल्द ही एक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक पीडीएस भवन की सुविधा मिल सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






