बुधवारी बाजार के विकास कार्यों का कांग्रेस नेताओं ने किया निरीक्षण हो रहे कार्य में अनियमितता का आरोप,
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
By ACGN 7647981711, 9303948009
गौरव पथ बनने से पहले ग्रिल, थर्मोप्लास्ट और नाली निर्माण पर उठे सवाल, जांच की मांग
कोरबा, छत्तीसगढ़। कोरबा के बुधवारी बाजार क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित कांग्रेस पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और कई तकनीकी तथा प्रशासनिक खामियों की ओर ध्यान दिलाया।
निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने बताया कि बुधवारी बाजार के पास लोहे की ग्रिल लगाकर थर्मोप्लास्ट से नो पार्किंग का चिन्ह बनाया जा रहा है और साथ ही नाली निर्माण का कार्य भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसी क्षेत्र में जल्द ही गौरव पथ का निर्माण प्रस्तावित है और इसकी प्रक्रिया भी चल रही है। ऐसे में जब गौरव पथ का निर्माण होगा तो वर्तमान में लगाई जा रही लोहे की ग्रिल, थर्मोप्लास्ट और नाली को तोड़ा जाना लगभग तय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह सब दोबारा टूटने वाला है तो आखिर जनता के पैसे का इस तरह दुरूपयोग क्यों किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि कोरबा नगर निगम क्षेत्र में पिछले लगभग दस वर्षों से ईंट से नाली निर्माण का कार्य बंद है। पिछले दो कार्यकाल के दौरान नगर निगम क्षेत्र में जितनी भी नालियां बनी हैं, वे सीमेंट, सरिया और कंक्रीट से निर्मित की गई हैं, लेकिन बुधवारी बाजार क्षेत्र में जल्दबाजी में राखड़ ईंट से नाली का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस निर्माण कार्य में कमीशनखोरी की आशंका दिखाई दे रही है।

कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या आर्थिक गड़बड़ी पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पार्षद रवि सिंह चंदेल, नारायण कुर्रे, बद्री किरण, सुकसागर निर्मलकर, सुभाष राठौर और डॉ. गोपाल कुर्रे सहित अन्य कांग्रेस पार्षद और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






