महिलाओं को बचपन की खुशियां लौटाने की पहल, कोरबा में होगा “बचपन की टिकट” कार्यक्रम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सखी-सहेली समूह की पहल से महिलाओं को मिलेगा बचपन के खेल और यादों को फिर से जीने का अवसर
कोरबा। शहर की महिलाओं को उनकी व्यस्त और भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ पल निकालकर अपने बचपन की खुशियों को दोबारा जीने का अवसर देने के उद्देश्य से कोरबा में “बचपन की टिकट” नामक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की जानकारी होटल गणेश इन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता तथा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सरोज पांडेय ने बताया कि सखी-सहेली महिला समूह की पहल पर आयोजित यह विशेष कार्यक्रम 12 अप्रैल को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक अशोक वाटिका, कोरबा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में महिलाएं घर और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच खुद के लिए समय नहीं निकाल पातीं।

अधिकांश समय मोबाइल और दिनचर्या में बीत जाता है, जिससे बचपन की निश्छल खुशियां कहीं पीछे छूट जाती हैं। ऐसे में “बचपन की टिकट” कार्यक्रम महिलाओं के लिए एक ऐसा मंच बनेगा, जहां वे अपने बचपन के खेल, मस्ती और यादों को फिर से महसूस कर सकेंगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन पूरी तरह सामाजिक और निशुल्क रहेगा तथा इसमें किसी भी प्रकार की राजनीतिक भागीदारी नहीं होगी। कार्यक्रम में केवल पुरस्कार वितरण के लिए मंच का उपयोग किया जाएगा और सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया गया है। आयोजन में आकर्षक पुरस्कारों के साथ पांच प्रकार के सांत्वना पुरस्कार भी रखे गए हैं, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को प्रोत्साहन मिल सके।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार का कार्यक्रम इससे पहले दुर्ग में आयोजित किया जा चुका है, जहां लगभग पांच हजार महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। उसी सफलता को देखते हुए अब कोरबा की महिलाओं को भी इस अनोखे और आनंददायक अनुभव से जोड़ने की पहल की जा रही है। प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य शहर की अधिक से अधिक महिलाओं तक इस कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाना और उन्हें इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित करना रहा। आयोजकों के अनुसार “बचपन की टिकट” केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि महिलाओं के लिए खुद से फिर से जुड़ने और जीवन में खुशियों के पल तलाशने का एक सुंदर अवसर है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






