240 नवविवाहित जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिया आशीर्वाद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जशपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत रणजीता स्टेडियम में आयोजित समारोह में सामाजिक समरसता और बेटी सम्मान का संदेश
जशपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए, जहां 240 नवविवाहित जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री विवाह मंडप में पहुंचकर नवदंपतियों के बीच गए और उन्हें आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। समारोह का वातावरण पारंपरिक संस्कृति, धार्मिक अनुष्ठानों और सामाजिक एकता के भाव से ओतप्रोत रहा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान कर माता-पिता के आर्थिक बोझ को कम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने के साथ-साथ समाज में एकता, समानता और समरसता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना से हजारों परिवारों को राहत मिली है और बेटियों के विवाह को लेकर उनकी चिंता काफी हद तक कम हुई है।
सामूहिक विवाह समारोह में विभिन्न समाजों के 240 जोड़ों ने एक साथ विवाह कर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को कुल 50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें 35 हजार रुपए की राशि सीधे हितग्राही को दी जाती है, जबकि लगभग सात हजार रुपए की वैवाहिक सामग्री और आठ हजार रुपए आयोजन व्यय के रूप में खर्च किए जाते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवदंपतियों को 35 हजार रुपए की राशि के चेक वितरित कर उनके उज्ज्वल और सुखमय भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विवाह संस्कार सम्पन्न कराया गया। नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र और उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं और इस जनकल्याणकारी योजना की सराहना की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर गंगाराम भगत, विजय आदित्य सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी शशिकुमार तथा जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






