खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स के लिए केरल की एथलेटिक्स टीम पहुंची जगदलपुर, लोकनृत्य से हुआ भव्य स्वागत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जगदलपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
30 मार्च से शुरू होंगी एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं, बस्तर की संस्कृति और परंपरा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
जगदलपुर, आदिवासी खिलाड़ियों को समर्पित खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स के आयोजन के साथ छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है जिसने इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त किया है। यह आयोजन आदिवासी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और खेलों में उनकी भागीदारी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन तीस मार्च से दो अप्रैल तक किया जाएगा।
इसी क्रम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए केरल राज्य की टीम शुक्रवार को जगदलपुर पहुंची। रेलवे स्टेशन पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। आगामी तीस मार्च से दो अप्रैल तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय राष्ट्रीय ट्रायबल गेम्स को लेकर शहर में उत्साह का माहौल दिखाई देने लगा है और देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों का आगमन लगातार जारी है।

केरल से सत्रह सदस्यीय दल किरंदुल पैसेंजर के माध्यम से जगदलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य की प्रस्तुति दी जिससे बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली। गौर नृत्य समूह के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में ढोल की थाप पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर ऐसा माहौल बनाया कि लंबी यात्रा करके आए खिलाड़ी भी अपनी थकान भूल गए और उत्साह से भर उठे।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है ताकि प्रतियोगिता का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
इस आयोजन के माध्यम से जहां देश भर के आदिवासी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा वहीं बस्तर की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






