बाल अधिकारों की पढ़ाई को नया आयाम, गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय और सी-लैब का समझौता
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
हिसार, हरियाणा
By ACGN 7647981711, 9303948009
बाल संरक्षण और बाल अधिकारों से जुड़े कोर्स शुरू होंगे, शोध और प्रशिक्षण को भी मिलेगा बढ़ावा
हिसार:- बाल संरक्षण और बाल अधिकारों को अकादमिक ढांचे में मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने सेंटर फॉर लीगल एक्शन एंड बिहेवियर चेंज फॉर चिल्ड्रेन के साथ समझौता किया है। इस करार के तहत बाल अधिकार और बाल संरक्षण से जुड़े विषय विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम का हिस्सा बनेंगे और स्नातक, स्नातकोत्तर तथा डिप्लोमा स्तर पर नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। दोनों संस्थान इन विषयों पर संयुक्त रूप से शोध कार्य भी करेंगे ताकि देश में बाल संरक्षण तंत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

समझौते के तहत सी-लैब विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए शैक्षणिक सामग्री, अवधि और पात्रता मानदंड तय करेगा तथा विश्वविद्यालय को तकनीकी विशेषज्ञता प्रदान करेगा। वहीं विश्वविद्यालय अपने सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के माध्यम से इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने के लिए आवश्यक नीतिगत निर्णय लेगा और परिसर में अध्ययन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। दोनों संस्थानों ने पाठ्यक्रमों की फीस न्यूनतम रखने का भी निर्णय लिया है ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें भाग लेकर भविष्य में बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे सकें।

विश्वविद्यालय के कुलपति नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ऐसे जागरूक और संवेदनशील युवाओं को तैयार करना है जो समाज के कल्याण और देश के विकास में सार्थक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सी-लैब के साथ यह साझेदारी विश्वविद्यालय को बाल संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।
इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन की एसोसिएट डायरेक्टर संगीता गौड़ ने कहा कि यह साझेदारी जमीनी अनुभव और अकादमिक विमर्श के बीच की दूरी को कम करने में मील का पत्थर साबित होगी। इससे भविष्य के पेशेवरों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बच्चों की तस्करी, ऑनलाइन सुरक्षा और बाल अधिकारों के कानूनी ढांचे जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अधिकार आधारित दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिलेगा।

इस समझौते पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई और इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के ट्रस्टी रजत कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विजय कुमार और अंतरराष्ट्रीय मामलों के विभाग के डीन ओ. पी. सांगवान भी मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






