ट्रेलर चालक से लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, खरसिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
रास्ता रोककर चालक से मारपीट कर लूटे रुपये, कियोस्क से भी निकलवाए पैसे, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद
रायगढ़ जिले में ट्रेलर चालक से लूटपाट की गंभीर घटना में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध सख्त संदेश गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी मिथुन कुमार यादव उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम काटेबंध जिला गया बिहार, जो ट्रेलर वाहन चालक है, ने 21 मार्च को थाना खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 फरवरी 2026 की रात वह अपने ट्रेलर वाहन से तमनार स्थित खदान क्षेत्र से कोयला लेकर रॉबर्टसन की ओर जा रहा था। रात्रि लगभग ढाई बजे रॉबर्टसन से करीब दो किलोमीटर पहले एक व्यक्ति ने मोटरसाइकिल से उसका रास्ता रोक लिया और उसे ट्रेलर से नीचे खींचकर मारपीट करते हुए डरा धमकाकर उसके पास रखे दस हजार रुपये लूट लिए।
इसके बाद आरोपी चालक को अपने साथ ले जाकर सड़क किनारे एक बाड़ी में रातभर बंधक बनाकर रखा। अगले दिन सुबह आरोपी उसे ग्राम चपले ले गया और वहां एक कियोस्क शाखा से पैसे निकलवाने के लिए धमकाया। भयभीत चालक ने अपने खाते से बत्तीस हजार रुपये निकालकर आरोपी को दे दिए। इसी दौरान चालक ने अपने वाहन मालिक को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के ग्राम बड़े डूमरपाली में दबिश दी और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा लूट की राशि में से खर्च के बाद शेष तीन हजार दो सौ रुपये बरामद किए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोमनाथ डनसेना उर्फ मालिकराम डनसेना उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम बड़े डूमरपाली थाना खरसिया आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा खरसिया के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक संजय मिंज, महेंद्र खरे तथा थाना खरसिया के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि आदतन बदमाशों पर पुलिस की कड़ी नजर है और लूटपाट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






