बस्तर को मिलेगी देश की सबसे बड़ी हेरिटेज मैराथन की सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN : 7647981711, 9303948009
‘बस्तर दौड़ेगा, देश जुड़ेगा’ थीम पर 22 मार्च को होगा भव्य आयोजन, फिटनेस और विरासत का संगम
रायपुर ACGN: छत्तीसगढ़ सरकार खेल, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 22 मार्च को बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का आयोजन करने जा रही है। राज्य का यह अब तक का सबसे बड़ा रनिंग इवेंट होगा, जिसकी शुरुआत जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से होगी और समापन विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर होगा। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस मार्ग पर दौड़ते हुए प्रतिभागियों को बस्तर की अद्भुत वादियों और जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि बस्तर हेरिटेज मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि राज्य की समृद्ध परंपरा, प्राकृतिक संपदा और जनभागीदारी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि ‘बस्तर दौड़ेगा, देश जुड़ेगा’ के संदेश के साथ आयोजित यह मैराथन युवाओं में फिटनेस की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ बस्तर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अवसर देने, रोजगार के नए रास्ते खोलने और क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मैराथन में 42 किलोमीटर की फुल मैराथन, 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की फन रन जैसी विभिन्न श्रेणियां रखी गई हैं ताकि हर आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के लोग इसमें भाग ले सकें। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए कुल 25 लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। पंजीकरण शुल्क मात्र 299 रुपये रखा गया है, जबकि बस्तर संभाग के सातों जिलों के प्रतिभागियों के लिए इसमें भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है ताकि स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।

प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मैराथन मार्ग पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मार्ग में नियमित अंतराल पर रिफ्रेशमेंट प्वाइंट बनाए जाएंगे जहां पानी और एनर्जी ड्रिंक्स उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा मेडिकल टीम, आपातकालीन सेवाएं और सुव्यवस्थित रूट मैनेजमेंट की व्यवस्था भी की गई है ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित और सुगम अनुभव मिल सके। आयोजन को यादगार बनाने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को फिनिशर मेडल, ई-सर्टिफिकेट और प्रोफेशनल रनिंग फोटोग्राफ्स भी प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में जुम्बा सेशन और लाइव डीजे जैसे आकर्षक आयोजन भी किए जाएंगे जिससे प्रतिभागियों में उत्साह बना रहेगा।

‘रन फॉर नेचर, रन फॉर कल्चर’ की थीम पर आधारित यह मैराथन बस्तर की प्राकृतिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति को देशभर के सामने प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बनेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देशभर के खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और पर्यटकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह अवसर केवल दौड़ने का नहीं बल्कि बस्तर की विरासत को करीब से समझने और महसूस करने का भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया और एक भारत श्रेष्ठ भारत के विजन से प्रेरित है। उनका मानना है कि भारत की सांस्कृतिक विविधता और स्थानीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। राज्य सरकार का लक्ष्य बस्तर को देश के प्रमुख पर्यटन और स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है ताकि यहां के युवाओं को नए अवसर मिलें और स्थानीय कारीगरों, कलाकारों तथा छोटे व्यवसायों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






